मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम सहित कई जिलों में तेज हवा के साथ वर्षा होने की खबर है। मौसम विभाग ने आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। जानिए किन इलाकों में हुई बरसात। 

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेता नजर आ रहा है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बने चक्रवाती सिस्टम और छत्तीसगढ़ की ओर से गुजर रही ट्रफ लाइन की वजह से प्रदेश में एक बार फिर बरसात का दौर शुरू हो गया है। आज सोमवार को भोपाल, रायसेन और नर्मदापुरम समेत प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में बरसात हुई है। बरसात की वजह से तापमान गिर गया और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। मौसम के इस बदलाव से गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन अचानक बिगड़े मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।  

इन जिलों में दिखा ज्यादा असर  
मौसम विभाग के अनुसार मौसम के इस ताजा बदलाव से प्रदेश के कई जिलों के प्रभावित हुए हैं। प्रदेश के भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम समेत एक दर्जन से अधिक जिलों में सोमवार को पानी गिरा है। अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में भी पानी गिरने की खबर है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हुई है। अचानक बिगड़े मौसम ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। इन दिनों गेहूं की कटाई चल रही है। 

तेज हवाएं-बिजली गिरने का खतरा 
मौसम विभाग ने कहा है कि ताजा मौसमी बदलाव के तहत केवल बारिश ही नहीं, बल्कि तेज हवाओं का नया दौर भी शुरु हो गया है। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने कहा है कि किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को  मौसम अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।

 सिस्टम का मौसम पर दिखा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय प्रदेश और आसपास करीब सात सिस्टम सक्रिय हैं। इनमें सबसे ज्यादा असर राजस्थान के ऊपर बने प्रेरित चक्रवात का है। यह सिस्टम नमी को खींचकर मध्य प्रदेश की ओर ला रहा है। दूसरी ओर, ट्रफ लाइन भी बादलों को सक्रिय बनाए हुए है। इसी के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना हुआ है।  मौसम विभाग के अनुसार यह मौसम फिलहाल कुछ समय तक जारी रह सकता है।