मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में सक्रिय स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम के कारण पिछले 72 घंटों से कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। बुधवार को भी प्रदेश के करीब आधे हिस्से में मौसम बदला रहा, जिससे लोगों को गर्मी के बीच राहत और परेशानी दोनों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। राजधानी भोपाल और इंदौर समेत करीब 30 जिलों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है। खासकर निमाड़ क्षेत्र के धार, बड़वानी और झाबुआ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
अगले 24 घंटों में ग्वालियर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, बड़वानी, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास और शाजापुर में मौसम बिगड़ सकता है।
आंधी की रफ्तार भी होगी तेज
मौसम विभाग के अनुसार, छिंदवाड़ा, सिवनी और पांढुर्णा जिलों में तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं अन्य जिलों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है।
बुधवार को भी दिखा असर
बुधवार को भोपाल में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि सीहोर में आंधी के साथ ओले भी गिरे। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, देवास, खंडवा, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, रायसेन, विदिशा, रतलाम, मंदसौर, खरगोन और बड़वानी समेत कई जिलों में मौसम बदला रहा।
गर्मी भी बरकरार
बारिश और आंधी के बीच गर्मी का असर भी पूरी तरह कम नहीं हुआ है। बुधवार को नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रतलाम में 39.2 डिग्री, मंडला में 39 डिग्री और खजुराहो में 38.6 डिग्री दर्ज किया गया।
बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 38.4 डिग्री, भोपाल में 37.4 डिग्री, इंदौर में 36.5 डिग्री, ग्वालियर में 36.1 डिग्री और उज्जैन में 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।








