Logo
मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के सक्रिय होने से ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग में बारिश की संभावना जताई गई है।

मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के सक्रिय होने से ग्वालियर, चंबल, सागर और उज्जैन संभाग में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और नीमच जिलों में 18-19 फरवरी को बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल और इंदौर में बादल छाने के आसार हैं।

रविवार को प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। खंडवा और खरगोन में दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं दतिया, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सतना और उमरिया में पारा 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

रात में ठंड, दिन में गर्मी
शनिवार-रविवार की रात की बात करें तो कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज हुआ। पचमढ़ी में 9.2 डिग्री, कल्याणपुर में 9.4 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पांच बड़े शहरों में इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान 11.5 डिग्री रहा। ग्वालियर में 11.7 डिग्री, भोपाल में 13 डिग्री, उज्जैन में 13.5 डिग्री और जबलपुर में 14.3 डिग्री दर्ज किया गया।

फरवरी में तीसरी बार बारिश
फरवरी की शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर देखने को मिला था, जिससे किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ। सरकार ने प्रभावित इलाकों में फसलों का सर्वे भी कराया था। अब मौसम विभाग के अनुसार फरवरी में तीसरी बार बारिश की संभावना बन रही है।

क्यों बदल रहा है मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस 16 फरवरी से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। पहाड़ी राज्यों में इसके असर से बारिश और बर्फबारी हो रही है, जिसका प्रभाव मध्यप्रदेश में भी देखने को मिलेगा।

फिलहाल प्रदेश में रात और सुबह के समय हल्की ठंड बनी रहेगी। ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहेगा, जबकि दिन का तापमान कई जगह 30 डिग्री के पार जा सकता है।
 

5379487