News in Brief, 5 February: देश का दिल कहे जाने वाले एमपी की सियासी हलचल और प्रदेश की अनगिनत छोटी-बड़ी खबरें रोज़ाना हमारी ध्यान में होती हैं। हरिभूमि न्यूज के खास सेगमेंट 'एमपी की बड़ी खबरें' में आपको समाचार की दुनिया से जुड़ी हर गतिविधि का अपडेट आसान भाषा में मिलेगा। तो चलिए, समाचार की दुनिया में अपडेट रहें और एमपी की हर खबर से अपनी जानकारी को बढ़ाएं।
मध्य प्रदेश की ताजा खबरें; MP Live Update
मुख्यमंत्री आज 7,900 बच्चों को देंगे ई-स्कूटी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 फरवरी बुधवार को सुबह 11 बजे भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में शासकीय स्कूलों के प्रतिभाशाली 7,900 बच्चों को नि:शुल्क स्कूटी प्रदान करेंगे। शैक्षणिक सत्र 2023-24 में शासकीय विद्यालय के किसी भी संकाय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क ई-स्कूटी वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह एवं जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह भी उपस्थित रहेंगे।
7 फरवरी से शुरू होगा आईपीएस मीट
आईएएस, आईएफएस सर्विस मीट के बाद अब आईपीएस सर्विस मीट की तारीख तय हो गई है। 7 फरवरी को दो दिवसीय आईपीएस सर्विस मीट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे। पहले दिन के उद्धघाटन सत्र का कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा। जहां मॉडल पुलिस वर्किंग से लेकर अन्य विभिन्न विषयों पर प्रजेंटेशन कार्यक्रम आयोजित होंगे। उसके अगले दिन 8 फरवरी को ऑफिसर्स मेस में कल्चरल प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे। आईपीएस मीट में शामिल होने के लिए प्रतिनियुक्ति में गए अफसरों को भी बुलाया गया है।
बाबा महाकाल का अलौकिक शृंगार
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर के कपाट बुधवार सुबह 4 बजे खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की। बाबा को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। बाबा महाकाल के मस्तक पर रजत मुकुट अर्पित कर ड्रायफ्रूट से अद्भुत शृंगार किया गया। भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया।
इसे भी पढ़ें: Bhopal News in Brief, 5 February: भोपाल में आज कहां क्या हुआ? एक क्लिक में पढ़ें जरूरी खबरें
पेपरलैस होगा मध्यप्रदेश विधानसभा सदन
मध्यप्रदेश विधानसभा में बड़ा बदलाव होगा। सदन में प्रत्येक विधायक की टेबल पर पेपर के स्थान पर टेबलेट होगा। सदन संबंधी सभी जानकारी उन्हें इसी टेबलेट में मिलती रहेगी। विधायकों को काम-काज के लिए अलग से टेबलेट दिया जाएगा। यही नहीं विधायकों को भी हाइटेक किया जाएगा। इसके लिए बजट सत्र के दौरान विधायकों को विशेप्रिशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की प्रक्रिया सतत जारी रहेगी। मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य विधायकों ने नई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान विधानसभा प्रमुख सचिव एपी सिंह भी मौजूद रहे।
एनटीपीसी से बिजली खरीदेगी पावर मैनेजमेंट कंपनी
एमपी पॉवर मैनेजमेंट कंपनी ने भविष्य में बिजली की जरूरतों को देखते हुए एनटीपीसी के साथ अनुबंध किया है। अनुबंध मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में हुआ। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि एनटीपीसी द्वारा नरसिंहपुर में गाडरवाडा में स्टेज-2 के तहत 800-800 मेगावॉट की दो यूनिट लगाई जा रही है। इनमें से 800 मेगावॉट बिजली केन्द्रीय नियामक आयोग द्वारा निर्धारित दरों के आधार पर मध्यप्रदेश को मिलेगी। यहां से 2030-31 तक उत्पादन शुरू होने की संभावना है। वर्तमान में एनटीपीसी की गाडरवाडा में स्टेज-1 के तहत 800-800 मेगावॉट की दो यूनिटें काम कर रही हैं। इनमें से मप्र को 800 मेगावॉट बिजली मिल रही है।
भोपाल ग्लोबल इन्वेस्टर में 61 देशों के निवेशक करेंगे शिरकत
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 24 और 25 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जीआईएस का शुभारंभ करेंगे। भव्य आयोजन मानव संग्रहालय परिसर में होगा। समिट (जीआईएस) में यूके, जर्मनी और जापान ही नहीं, बल्कि अमेरिका और चीन जैसे 61 देशों के निवेशक व बड़े औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसके लिए सरकार ने कई देशों के निवेशकों को निमंत्रण भेज दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद यूके, जर्मनी व जापान जाकर वहां के निवेशकों को न्यौता दे चुके हैं। अब अन्य देशों के प्रमुखों को न्यौता देने राज्य के आइएएस अधिकारियों का दल जाएगा। ज्यादातर को न्यौता भेजा जा रहा है।
इंदौर से प्रयागराज के लिए आज से विशेष उड़ान
इंडिगो एयरलाइंस 5 से 14 फरवरी के बीच इंदौर से प्रयागराज के बीच विशेष फ्लाइट संचालित करने जा रहा है। यह फ्लाइट रोजाना प्रयागराज से दोपहर में इंदौर आकर वापस जाएगी। जानकारी के अनुसार इंडीगो की विशेष फ्लाइट 6E2413 और 6E2415 प्रयागराज से 5 से 14 फरवरी के बीच रोजाना दोपहर 12.55 बजे रवाना होकर 2.20 बजे इंदौर पहुंचेगी और इंदौर से 2.55 बजे रवाना होकर 4.20 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। दोनों ओर यात्रा का समय 1.25 घंटे होगा। इससे यात्री बड़ी ही आसानी से महाकुंभ में जाकर वापस आ सकेंगे। कंपनी ने इस फ्लाइट की जो बुकिंग शुरू की है, उसमें शुरुआत से ही इसका एक ओर का किराया 9 हजार से ज्यादा आ रहा है। इस तरह आने और जाने के 18 हजार से ज्यादा चुकाने होंगे।
मोहन सरकार बनाएगी 10 लाख प्रधानमंत्री आवास
मोहन सरकार MP में 10 लाख शहरी प्रधानमंत्री आवास बनाएगी। पहली बार ये आवास भोपाल, इंदौर, जबलपुर व ग्वालियर जैसे महानगरों के अलावा जिला व तहसील स्तरों पर बनाए जाएंगे। 50 हजार करोड़ से 4 साल में इनका निर्माण पूरा होगा। इन आवासों के जरिए सरकार 23 हजार करोड़ से अधिक की सब्सिडी देगी। शहरी गरीबों के साथ-साथ पहली बार मध्यम वर्गीय ईडब्ल्यूएस, कल्याणी महिलाएं, थर्ड जेंडर जैसी कई श्रेणी में आने वाले परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। इनमें से ज्यादातर आवास मल्टी स्टोरी में होंगे। प्रदेश को झुग्गी मुक्त बनाना इसका मुख्य मकसद होगा।