मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 18 अप्रैल के बीच प्रदेश के 17 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। 15 अप्रैल को एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है, लेकिन इसका असर कमजोर रहेगा, जिससे गर्मी में राहत की संभावना कम है।

भोपाल: मध्य प्रदेश में गर्मी ने अब विकराल रूप ले लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो गई हैं।

मंगलवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम, खजुराहो, धार और बैतूल समेत 14 से ज्यादा शहरों में तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक रहा।

राजधानी भोपाल और जबलपुर में 39.6 डिग्री, इंदौर में 39.8 डिग्री और ग्वालियर व उज्जैन में करीब 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 से 18 अप्रैल के बीच प्रदेश के 17 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। 15 अप्रैल को एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है, लेकिन इसका असर कमजोर रहेगा, जिससे गर्मी में राहत की संभावना कम है।

तेज गर्मी के चलते लोग बचाव के अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कोई चेहरे को कपड़े से ढककर बाहर निकल रहा है तो कोई ठंडे पेय और आइसक्रीम का सहारा ले रहा है।

मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को दिनभर पर्याप्त पानी पीने, दोपहर में धूप से बचने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने को कहा गया है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं, ऐसे में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।