मध्य प्रदेश साइबर पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। राज्य साइबर पुलिस जोन जबलपुर ने इंदौर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर उनसे लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे। आरोपियों ने एक शिकायतकर्ता से करीब 14 लाख 16 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।

जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड अनिकेत मात्रे इंदौर में एक कॉल सेंटर संचालित करता था। यहां से आरोपी लोगों को फोन कर शेयर ट्रेडिंग में तेज और सुरक्षित मुनाफे का झांसा देते थे। भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों से रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई जाती थी। ये खाते सीधे आरोपियों के नहीं, बल्कि तथाकथित ‘म्यूल अकाउंट्स’ यानी दूसरों के नाम पर खुले खातों के होते थे, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

साइबर सेल की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि ठगी की रकम को बाद में नकद निकाल लिया जाता था और उसे ऐशो-आराम, घूमने-फिरने और निजी शौक पूरे करने में खर्च किया जाता था। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और इंदौर से चारों को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 262/2022 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 34 और आईटी एक्ट की धारा 66D के अंतर्गत केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक साइबर सेल श्री प्रणय नागवंशी के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक उमाकांत आमों के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश अहिरवार, उपनिरीक्षक रामनरेश तिवारी और आरक्षक आलोक चौबे की अहम भूमिका रही।