मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए पुलिस में भर्ती होने का सपना अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। एमपी पुलिस में आरक्षक (जीडी) और आरक्षक (रेडियो) के कुल 7500 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET/PPT) का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। लिखित परीक्षा में सफल रहे करीब 53 हजार उम्मीदवार अब मैदान में अपनी फिटनेस और दमखम साबित करेंगे।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी ताजा जानकारी के मुताबिक, शारीरिक परीक्षा का आयोजन 23 फरवरी 2026 से 10 मार्च 2026 तक किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के 10 चयनित केंद्रों पर होगी, जिनमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, रीवा, बालाघाट, रतलाम और मुरैना शामिल हैं। सभी केंद्रों पर परीक्षा हर दिन सुबह 6 बजे से शुरू होगी, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
इस चरण में सफल उम्मीदवारों का पहले दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा, इसके बाद उन्हें शारीरिक परीक्षण से गुजरना होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा में 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और गोला फेंक जैसे टेस्ट शामिल हैं। इन सभी परीक्षाओं के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर आधार ई-केवाईसी के जरिए उम्मीदवारों की पहचान सत्यापित की जाएगी, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।
गौरतलब है कि इस भर्ती के लिए ऑनलाइन लिखित परीक्षा 30 अक्टूबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 25 जनवरी 2026 को घोषित किया गया, जिसमें कुल 59,438 अभ्यर्थी दूसरे चरण के लिए योग्य पाए गए। 7500 पदों के मुकाबले लगभग 9.78 लाख आवेदन आने के कारण यह भर्ती पहले से ही युवाओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।











