छिंदवाड़ा। सौंसर में गुरुवार शाम आयोजित सीएम डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही एक बस पिकअप से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना उमरानाला क्षेत्र में शाम करीब 6:30 बजे हुई। बस में करीब 47 लोग सवार थे, जो जाम सांवली स्थित हनुमान लोक के लोकार्पण कार्यक्रम से लौट रहे थे।
महिला-बच्चे का हाथ कटकर अलग
हादसे में 30 लोग घायल हुए हैं। हादसे में घायल लोगों में कुछ के सिर में गहरी चोटें आई हैं। वहीं एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। हादसे की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।
ग्रीन कॉरीडोर बनाकर अस्पताल भेजा
घायलों को 6 एम्बुलेंसों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना स्थल से अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया, जिससे समय रहते घायलों को चिकित्सा सुविधा मिल सकी।हादसे की खबर फैलते ही जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। घायलों के परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया।
3 महिला, एक बच्चे समेत 10 की मौत
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के डीन अभय सिन्हा ने बताया कि हादसे में मरने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। एक घायल की हालत नाजुक है, जिसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उसके सिर पर गंभीर चोट है। खून के थक्के जम गए हैं। बाकी घायलों को छिंदवाड़ा जिलाअस्पताल में ही इलाज किया जा रहा है।
घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर
छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायण जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों और अस्पताल के स्टाफ से बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों को हादसे में घायल सभी लोगों का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए। इस दर्दनाक घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे अस्पताल पहुंचे और उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।










