MP Cabinet Decision: किसानों को 4 गुना मुआवजा, अस्पतालों में शेल्टर होम, हजारों करोड़ के विकास कार्य और हेल्थ सेक्टर में बड़ा निवेश।
भोपाल। मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में कृषि और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अहम निर्णय लिए गए हैं। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल द्वारा महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि, सरकार अब जमीन अधिग्रहण पर किसानों को 4 गुना मुआवजा देगी और अस्पतालों में सस्ते शेल्टर होम बनाए जाएंगे।
मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि, मध्यप्रदेश की कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया गया है। अब यदि कृषि भूमि का सरकारी उपयोग के लिए अधिग्रहण किया जाता है, तो किसानों को 4 गुना तक मुआवजा दिया जाएगा।
बैठक में लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
- मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में सस्ते शेल्टर होम का प्रस्ताव पास। मरीजों के परिजनों के लिए यहां रुकने की व्यवस्था होगी। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में भी यह लागू होगा।
- अगले पांच साल में सभी मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब और ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसी सुविधा होगी। इसके लिए 2 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
- लोक निर्माण विभाग के विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹25164 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
- कैबिनेट में फैक्टर-2 लागू करने की स्वीकृती। इसके तहत ग्रामीण इलाकों में किसानों को जमीन अधिग्रहण पर चार गुना मुआवजा।
- उज्जैन में 157 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजना को मंजूरी। इससे 35 गांवों को होगा लाभ।
- पुनर्वास पैकेज के तहत छिंदवाड़ा जिले के लिए 128 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि मंजूर।
- 5 सालों में 6वीं से 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों को साइकिल देने के लिए 990 करोड़ रुपए की राशि मंजूर।
- शिक्षा प्रशिक्षण संस्थानों के विकास के लिए 1200 करोड़ रुपए खर्च करने का निर्णय लिया गया।
- सीएम केयर योजना 2026 की निरंतरता को मंजूरी। अगले 5 सालों में 3628 करोड़ रुपए किए जाएंगे खर्च।