Monalisa News: मध्यप्रदेश। महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा ने खुद की जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। मोनालिसा ने मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है और आरोप लगाया है कि उन्हें जान से मारने और काटने की धमकियां मिल रही हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग उनके जरिए आर्थिक लाभ उठाना चाहते हैं और लव जिहाद के नाम पर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मोनालिसा ने स्पष्ट किया है कि वह बालिग हैं और अपनी मर्जी से फैसले ले रही हैं।
सनोज मिश्रा ने लगाए थे गंभीर आरोप
दरअसल, कुछ समय पहले मोनालिसा ने अपने दोस्त फरमान खान से शादी की थी। केरल में हुई इस शादी को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए। मोनालिसा को 'मणिपुर डायरी' में लीड एक्ट्रेस का काम देने वाले सनोज मिश्रा ने तो उनके बालिग न होने की बात भी कही थी। मामले को पीएफआई और टेरर मॉड्यूल से जोड़ते हुए उन्होंने मीडिया में फरमान खान पर गंभीर आरोप लगाए थे। मोनालिसा के परिजनों को लेकर सनोज मिश्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात भी की थी।
जान से मारने और काटने की धमकी
फिलहाल मोनालिसा का 22 सेकण्ड का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में उनके साथ उनके पति फरमान खान भी मौजूद थे। मोनालिसा ने कहा कि, हम दोनों को जान से मारने और काटने की धमकी दी जा रही है। मैंने एक लेटर लिखा है जो मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर और टीआई समेत मीडिया वालों तक जाएगा। हमारी मदद करो। वीडियो के अंत में मोनालिसा के पति फरमान खान ने भी मदद की गुहार लगाई है।
कौन हैं महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा
बता दें कि, मोनालिसा महाकुंभ में माला बेच रहीं थी तभी किसी ने उनकी तस्वीरें खींची। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें इतनी वायरल हुईं कि, उन्हें फिल्म में काम करने का मौका भी मिल गया। सनोज मिश्रा द्वारा निर्देशित फिल्म 'द मणिपुर डायरी' में उन्होंने लीड एक्ट्रेस का किरदार निभाया था। मार्च 2026 में उन्होंने केरल में फरमान खान से शादी कर ली।