मऊगंज जिले के NH-135 पर एक खौफनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। तेज रफ्तार, खतरनाक स्टंट और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। बाइक पर स्टंट करते हुए, हाथ में कट्टा लहराते इन युवकों की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो भले ही अब वायरल हुआ हो लेकिन यह घटना 14 अप्रैल की है। मऊगंज थाना क्षेत्र के पन्नी पथरिया नेशनल हाइवे पर हादसा हुआ था। एक बाइक पर तीन लोग बैठे थे और दूसरी बाइक पर दो लोग। दूसरी बाइक पर बैठे लोग रील शूट कर रहे थे।
रील के चक्कर में बाइक चलाने वाले ने बाइक की स्पीड तेज की। इसके बाद पीछे बैठे एक युवक ने कट्टा लहराया। बाइक ट्रालों को ओवरटेक करते हुए आगे बढ़ रही थी लेकिन अचानक बैलेन्स बिगड़ गया और बाइक ट्राले से भिड़ गई। पीछे बाइक से आ रहे दोनों युवक भी गिर गए। उन्हें भी चोट आई थी।
मृतकों में उपलक्ष कॉल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कॉल (17) शामिल हैं। ये लोग बेला के रहने वाले थे। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा बरामद किया। हादसे की वजह युवकों द्वारा लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाना बताया गया था। हादसे के बाद युवकों के शव क्षत-विक्षत हालत में पड़े थे।
ओवर-स्पीडिंग और लापरवाही हादसों के दो बड़े कारण
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में देश भर में सड़क हादसों में 1.73 लाख से ज्यादा लोग मारे गए हादसों में 4.47 लाख लोग घायल हुए। इनमें से करीब 46% पीड़ित दोपहिया वाहन चलाने वाले थे। ओवर-स्पीडिंग और लापरवाही से गाड़ी चलाना सड़क हादसों के दो बड़े कारण पाए गए।
2023 में देश में 4,64,029 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जो 2022 की तुलना में 17,261 ज्यादा थीं। मौतों में 1.6% की बढ़ोतरी के साथ, 2022 में 1,71,100 से 2023 में 1,73,826 हो गईं।
नेशनल हाईवे सड़क दुर्घटना में एमपी का नंबर
राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के हिसाब से पैटर्न से पता चला है कि नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा मौतें उत्तर प्रदेश (11.7%) (60,127 मौतों में से 7,041) में हुईं, इसके बाद तमिलनाडु (10.4%) (6,258 मौतें), महाराष्ट्र (8.5%) (5,104 मौतें), कर्नाटक (7%) (4,230 मौतें) और मध्यप्रदेश (7%) (4,184 मौतें) का नंबर आता है।