Lok Sabha Elections 2024: कमलनाथ के करीबी पूर्व विधायक गंभीर सिंह ने थामा भाजपा का दामन, जानें क्यों छोड़ी कांग्रेस

Congress leaders joined BJP
X
कांग्रेस नेताओं ने भोपाल में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के समझ भाजपा जॉइन की।
लोकसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में दलबदल का दौर जारी है। बुधवार को कमलनाथ के करीबी और चौरई से कांग्रेस के पूर्व विधायक चौधरी गंभीर सिंह सहित कई कांग्रेसियों ने भाजपा का दामन थामा। 12 जिलों के 60 डॉक्टरों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

भोपाल। मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले दलबदल का दौर जारी है। बुधवार को कांग्रेस को फिर एक झटका लगा। कमलनाथ के करीबी और चौरई से कांग्रेस के पूर्व विधायक चौधरी गंभीर सिंह ने कांग्रेस का 'हाथ' छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, बीजेपी न्यू जॉइनिंग टोली के संयोजक नरोत्तम मिश्रा, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने गंभीर सिंह सहित कई नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई। छिंदवाड़ा के अलावा कटनी, मुरैना के कांग्रेस नेताओं और 12 जिलों के 60 डॉक्टर और 20 से अधिक फॉर्मासिस्ट ने भाजपा का दामन थामा।

कांग्रेस गांधी जी के रास्ते से भटक गई है
भाजपा में शामिल होने के बाद गंभीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने अयोध्या में बने राम मंदिर का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया। यह सुनकर बहुत दुख हुआ था। क्योंकि, हम रघुवंशी समाज से हैं और भगवान श्री राम के वंशज कहलाते हैं। हम चाहते हैं कि इस देश में धर्म की जय हो और गांधी जी के मार्ग पर चलकर के जिन्होंने आखिरी वक्त में भगवान राम का नाम लिया था। कांग्रेस जिन्होंने पैदा की उनके रास्ते से कांग्रेस भटक गई है। गंभीर ने कहा कि अभी राहुल गांधी जब न्याय यात्रा में यूपी में थे तब उनको मंदिर जाना था। गांधी जी के रास्ते से कांग्रेस भटक गई है।

कटनी में इन नेताओं ने ली भाजपा की सदस्यता
कटनी के कांग्रेस की बहोरीबंद जनपद पंचायत की सभापति जया पुष्पेंद्र सिंह सेंगर, सभापति प्रवीण कुमार यादव, मालती महेन्द्र हल्दकार, जनपद सदस्य भारती अनुज ठाकुर, सुरेन्द्र सिंह गौड, रोहित सिंह, कमलेश जैन, रमेश पटेल, एवं प्रतिभा रानू यादव सहित 20 से अधिक जनपद पंचायत सदस्यों, सरपंच, पूर्व सरपंच और कांग्रेस पदाधिकारियों को वीडी शर्मा ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई।

मुरैना के ये नेता भाजपा में हुए शामिल
कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना के नेतृत्व में मुरैना के कांग्रेसियों ने बीजेपी का दामन थामा। इनमें कांग्रेस कमेटी के पूर्व संभागीय प्रवक्ता सुबोध दुबे, पूर्व प्रदेश सचिव देवेन्द्र मूढोतिया, मुरैना जिला उपाध्यक्ष एवं महिला कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष शोभा शिवहरे, महिला उत्पीडन निवारण प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष लक्ष्मी सोलंकी, प्रकोष्ठ की जिला महामंत्री रामदुलारी मौर्य, प्रकोष्ठ की ब्लॉक अध्यक्ष तुलसा पलैया सहित कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी जॉइन की।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story