Logo
खंडवा के पंधाना में कार्यक्रम के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव का हेलिकॉप्टर टेकऑफ के दौरान कुछ क्षणों के लिए अस्थिर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों में घबराहट फैल गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से स्थिति तुरंत नियंत्रण में आ गई। प्रशासन ने इसे सामान्य प्रक्रिया बताया है।

खंडवा। सीएम डॉ. मोहन यादव खंडवा जिले के पंधाना में आयोजित राज्यस्तरीय लाड़ली बहना योजना के कार्यक्रम में शामिल होने शनिवार को पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उनके हेलिकॉप्टर ने भोपाल लौटने के लिए उड़ान भरी, तभी टेकऑफ के दौरान एक असामान्य दृश्य देखने को मिला। हेलिकॉप्टर जैसे ही जमीन से ऊपर उठा, वह तय दिशा में आगे बढ़ने के बजाय कुछ क्षणों के लिए पीछे की ओर खिसकता नजर आया। 

हादसे की आशंका से भयभीत हुए लोग
इससे वहां मौजूद लोग संभावित हादसे की आशंका से बुरी तरह भयभीत हो गए, पर जल्दी ही सब कुछ सामान्य हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर टेक ऑफ के बाद लड़खड़ाया। इसके बाद कुछ पीछे की ओर गया। इसके बाद कुछ देर हवा में स्थिर दिखाई दिया। फिर वह भोपाल की ओर आगे बढ़ गया। पायलट ने तुरंत परिस्थिति को संभाल लिया और हेलीकॉप्टर को जल्दी ही अपने नियंत्रण में ले लिया। 

रविवार को वायरल हुआ घटना का वीडियो
इस घटना का वीडियो रविवार को वायरल होने के बाद इस घटना की जानकारी सामने आई। जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने स्पष्ट किया है कि यह कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। उनके मुताबिक, उड़ान के समय हेलिकॉप्टर की दिशा अलग थी और उसे दूसरी दिशा में मोड़ना था। उन्होंने बताया कि टेकऑफ के दौरान हवा का दबाव और तेज धूल उड़ने के कारण पायलट ने सावधानी बरतते हुए गति धीमी कर दी। 

इसका कारण तकनीकी खराबी नहीं
धूल अधिक न फैले और दृश्यता प्रभावित न हो, इसके लिए हेलिकॉप्टर को क्षणभर के लिए नियंत्रित तरीके से नीचे लाया गया। यह पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों के तहत सामान्य मानी जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, हेलिकॉप्टर टेकऑफ के दौरान हवा की दिशा, सतह की स्थिति और आसपास की परिस्थितियों का प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में थोड़ी बहुत अस्थिरता असामान्य नहीं मानी जाती, खासकर खुले मैदानों में जहां धूल अधिक उड़ती है।  

5379487