जबलपुर। शहर की खमरिया आयुध निर्माणी में सोमवार देर रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब ड्यूटी पर जा रहे कर्मचारियों को सड़क पर मगरमच्छ दिखाई दिया। यह घटना निर्माणी के द्वार क्रमांक-3 के पास की है। रात के समय इस तरह मगरमच्छ के दिखने से कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कुछ समय के लिए वहां आवाजाही प्रभावित हो गई। कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए उससे दूरी बनाए रखी और घटना की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दी।
सड़क के बीच बैठा रहा मगरमच्छ
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मगरमच्छ सड़क के बीचों-बीच बैठा हुआ था। इसे देखकर कर्मचारी आगे बढ़ने की बजाय रुक गए और स्थिति का आकलन करने लगे। धीरे-धीरे वहां लोगों की संख्या बढ़ने लगी। भीड़ बढ़ती देख मगरमच्छ ने वहां से हटने की कोशिश की। कर्मचारियों ने किसी भी तरह की जोखिम लेने से बचते हुए दूरी बनाए रखी। इस दौरान पूरा क्षेत्र सतर्कता के साथ संभाला गया।
भागते समय जाली में फंसा
मगरमच्छ जब वहां से निकलने लगा, तो वह पास में लगी लोहे की जाली में फंस गया। काफी देर तक वह खुद को छुड़ाने की कोशिश करता रहा। लेकिन वह बाहर निकलने में सफल नहीं हो पाया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। घटना ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी। कर्मचारियों ने इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेने की मांग की।
तालाबों से आने की संभावना
जानकारी के अनुसार, निर्माणी परिसर के आसपास बड़े जलाशय मौजूद हैं। इन तालाबों का उपयोग जल संग्रहण के लिए किया जाता है। बताया जा रहा है कि परियट जलाशय से पाइपलाइन के जरिए मगरमच्छ यहां पहुंचे होंगे। समय के साथ इनका आकार बढ़ता गया और अब ये खुले में दिखने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ऐसे दृश्य पहले भी कभी-कभी देखने को मिले हैं। हालांकि इस तरह सड़क पर आना चिंता का विषय बन गया है।
वन विभाग को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग को सूचित किया गया। अधिकारियों से मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने बताया कि मगरमच्छ अक्सर एक तालाब से दूसरे तालाब तक जाने के लिए सड़क पार करते हैं। इससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने वन विभाग की टीम से इसका स्थायी समाधान निकालने की मांग है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें।