शहर के देवगुराड़िया मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Indore Road Accident। शहर के देवगुराड़िया मार्ग पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब ढाई बजे हुआ, जब एक मिनी ट्रक और वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार कई लोग सड़क पर जा गिरे। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मृतकों की पहचान इरफान, आशिर, फरहान और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मृतक और घायल सदर बाजार क्षेत्र के निवासी हैं और वैन में बाराती सवार थे। ये लोग आष्टा से शादी समारोह के बाद इंदौर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग एमवाय अस्पताल पहुंच गए, जबकि कुछ लोग घटनास्थल पर भी जुट गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिनी ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम खत्म कराया और यातायात बहाल किया। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई वैन में 10 से ज्यादा लोग सवार थे और टक्कर के बाद वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।