इंदौर में CDR लीक के शक में ATS की कार्रवाई। क्राइम ब्रांच के 2 पुलिसकर्मी डिटेक्टिव एजेंसी से जुड़े, पूछताछ जारी।

इंदौर में सीडीआर (Call Detail Records) बेचने के शक में एटीएस ने क्राइम ब्रांच के दो पुलिस वालों से पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि, एटीएस ने दोनों पुलिस वालों को नोटिस देकर बुलाया। कुछ देर पूछताछ के बाद दोनों को जाने दिया गया। दोनों एक डिटेक्टिव एजेंसी के संपर्क में थे। मामले की जांच पूरी होने तक पूछताछ का सिलसिला जारी रहेगा।

संचालक के पास मिले संदिग्ध नंबर
बताया जा रहा है कि, एक डिटेक्टिव एजेंसी की जांच की जा रही थी। इस एजेंसी के संचालक के पास से कुछ संदिग्ध नंबर मिले। इन सबूतों के आधार पर एटीएस को पता चला कि, एएसआई राम और सिपाही रविंद्र एजेंसी के सम्पर्क में थे।

कर्नाटक से आई एटीएस की टीम
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों पुलिस वालों को नोटिस दिया गया। समय से न पहुंचने पर कर्नाटक एटीएस की टीम इंदौर पहुंची। गुरुवार को सिपाही रविंद्र से पूछताछ की गई। शुक्रवार को एएसआई राम से एटीएस की टीम भोपाल में सवाल-जवाब करेगी। 

ADCP ने बताया सामान्य पूछताछ
आशंका जताई जा रही है कि, आम लोगों की सीडीआर मोटी रकम में बेची जा रही है। क्राइम ब्रांच के ADCP राजेश दंडोतिया ने बताया है कि, दोनों पुलिस वाले इस मामले की जांच कर चुके हैं इसी कारण डिटेक्टिव एजेंसी के संचालक के फोन में दोनों का नंबर था। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यह एक सामान्य पूछताछ है।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)