Logo
होली के अवसर पर भोपाल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित रहेगी। सिटी लिंक और रेड बस सेवाएं बंद रहेंगी, जबकि सीमित मार्ग पर मेट्रो सेवा चालू रहेगी। जानिए किन सेवाओं पर असर पड़ेगा और यात्रियों को किन विकल्पों का सहारा लेना होगा।

भोपाल। रंगों के पर्व होली के अवसर पर आज भोपाल में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव दखने को मिलेगा। त्योहार के दिन शहर में रेड बसें नहीं चलेंगी, जिससे आम लोगों को आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड की बसों के साथ-साथ अधिकांश निजी बस ऑपरेटरों ने भी होली पर अपनी सेवाएं स्थगित रखने का निर्णय लिया है। हर साल की तरह इस बार भी नगर बसों का संचालन होली के दिन बंद रहेगा। इस फैसले का सीधा असर उन हजारों यात्रियों पर पड़ेगा, जो रोजमर्रा की यात्रा के लिए बसों पर निर्भर रहते हैं। 

निजी बसे बंद होने से होगी परेशानी
सामान्य दिनों में करीब 200 बसें अलग-अलग मार्गों पर चलती हैं जिनमें हजारों लोग सफर करते हैं। इन लोगों को आज कहीं आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। खासकर वे लोग, जिनके पास निजी वाहन नहीं हैं, उन्हें वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ेगी। ऑटो, ई-रिक्शा और टैक्सी सेवाओं पर दबाव बढ़ने की संभावना है। निजी बस संचालकों ने भी सुरक्षा कारणों और त्योहार के दिन यात्रियों की कम संख्या का हवाला देते हुए अपनी अधिकांश बसें सड़कों पर न उतारने का फैसला किया है। 

एहतियातन बंद रहता है वाहन संचालन
होली के दौरान रंग, पानी और हुड़दंग की स्थिति रहती है, जिससे वाहन संचालन में जोखिम बढ़ जाता है। बसों पर रंग या पानी फेंके जाने से नुकसान की आशंका भी बनी रहती है। इसी वजह से संचालक एहतियात बरतते हुए सेवाएं बंद रखना उचित समझते हैं। हालांकि एक राहत की बात यह है कि मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा संचालित भोपाल मेट्रो सेवा होली के दिन चालू है। वर्तमान में मेट्रो का संचालन सीमित दायरे में, लगभग सात किलोमीटर के मार्ग पर ही हो रहा है। 

त्यौहार पर थमी दिखाई देगी रफ्तार
जिन इलाकों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है, वहां के लोगों के लिए यात्रा अपेक्षाकृत आसान रहेगी, लेकिन पूरे शहर की जरूरतों को देखते हुए यह सुविधा अभी पर्याप्त नहीं है। मेट्रो की मौजूदा क्षमता राजधानी की व्यापक आबादी और यात्रा जरूरतों की तुलना में काफी कम है। जब तक मेट्रो का विस्तार नहीं होता, तब तक त्योहार जैसे अवसरों पर सार्वजनिक परिवहन में व्यवधान से नागरिकों को असुविधा झेलनी पड़ेगी। कुल मिलाकर, होली के दिन भोपाल की रफ्तार कुछ हद तक धीमी दिखाई देगी।  

5379487