भोपाल। होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए शहर में प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और जल आपूर्ति से जुड़े अधिकारी पूरी तरह सतर्क मॉड में हैं। रंगों के इस पर्व पर जहां एक ओर उत्सव का माहौल रहेगा, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं।
धुलेंडी के दिन आज नगर में करीब 1500 पुलिसकर्मी सड़कों पर सतर्क मुद्रा में ड्यूटी करते दिखाई देंगे। 65 फिक्स पिकेट और 27 चेकिंग प्वाइंट्स बनाए गए हैं, ताकि आज धुलेंडी के दिन किसी भी तरह की अव्यवस्था या परेशानी निर्मित न हो सके। 15 स्थानों पर एंबूलेंस तैनात की गई हैं, ताकि जरूरत पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
कुछ सड़कों पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक
धुलेंडी के दिन निकलने वाले जुलूस को ध्यान में रखते हुए सुबह 8 बजे से कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। कुछ सड़कों पर भारी और सवारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। लो फ्लोर बसों की कई सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी और प्रमुख बाजार भी बंद रखे जाएंगे। रेस्टोरेंट और होटल शाम 4 बजे के बाद ही खुल पाएंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तय मार्गों और समय का पालन करें। जुलूस सुबह 5 बजे दयानंद चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लखेरापुरा क्षेत्र में समाप्त होगा।
शराबी वाहन चालकों पर रहेगी नजर
इस दौरान यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। वीआईपी रोड सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जाएगी। पांच प्रमुख चौराहों पर वाहन चालकों की जांच भी की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर खास नजर रखी जाएगी। इसके लिए 27 स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शहर के 65 संवेदनशील इलाकों में फिक्स पिकेट लगाए गए हैं। इस दौरान करीब 200 मोबाइल पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे।
48 घंटे ड्यूटी पर रहेगा पुलिस बल
पीरगेट क्षेत्र में आरएएफ की तैनाती भी की गई है। पुलिस बल 48 घंटे तक लगातार ड्यूटी पर रहेगा। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष योजना बनाई है। जुलूस के पीछे 50 सफाईकर्मियों की टीम लगातार सफाई करती चलेगी, ताकि रंग और कचरा सड़कों पर जमा न हो। कपड़ों और अन्य कचरे को अलग से एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में रोजाना लगभग 450 मिलियन लीटर पानी की सप्लाई होती है, जिसे बनाए रखने के लिए 21 जोन के इंजीनियरों को सतर्क रहने को कहा गया है।
अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सुविधा
इस दौरान शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखा गया है। नगर के सभी सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सुविधा उपलब्ध रहेगी और प्रत्येक अस्पताल में 10-10 बेड आरक्षित रखे गए हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में लोगों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके। स्थानीय प्रशासन ने त्योहार को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि नागरिक बेफिक्र होकर होली का त्यौहार मना सकें।










