Logo
ईरान द्वारा एयरस्पेस बंद किए जाने के बाद दुबई में फंसे इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल और कई उद्योगपति विशेष विमान से मुंबई के लिए रवाना हुए। यूएई सरकार ने एमिरेट्स की फ्लाइट EK-506 की व्यवस्था की है।

 इंदौर। ईरान द्वारा हवाई क्षेत्र बंद करने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर व्यापक असर पड़ा है। इसका असर दुबई एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला।  अचानक कई फ्लाइट्स रद्द होने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और हजारों यात्री फंस गए। इनमें इंदौर की कई जानी-पहचानी हस्तियां और प्रदेश के अन्य भागों के लोग भी शामिल हैं। इन लोगों को एयर स्पेस बंद होने की वजह से मजबूरन दुबई में रुकना पड़ा था। उड़ानें निरस्त होने से शहर के पूर्व जनप्रतिनिधि और बड़े कारोबारी पिछले कुछ घंटों से भारत लौटने का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, अब राहत की खबर सामने आई है। ये लोग विशेष विमान से भारत के लिए रवाना हो गए हैं। 

यूएई ने की विशेष विमान की व्यवस्था
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सरकार ने फंसे हुए यात्रियों के लिए विशेष प्रबंध करते हुए एक खास विमान की व्यवस्था की है। एमिरेट्स एयरलाइन की फ्लाइट संख्या ईके-506 के जरिए इन यात्रियों को दुबई से मुंबई लाया जा रहा है। विमान के मुंबई पहुंचने के बाद सभी यात्री वहां से इंदौर के लिए रवाना होंगे। दुबई में अटके लोगों की सूची में इंदौर के कई प्रभावशाली नाम शामिल हैं। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला और विशाल पटेल के अलावा पूर्व पुलिस अधिकारी तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पूर्व ओएसडी प्रवीण कक्कड़ का नाम भी शामिल है। 

शहर के उद्योगपति-व्यापारी भी फंसे
इनके साथ ही, शहर के जाने-माने उद्योगपति और व्यापारी मनीष शाहरा, मनीष अग्रवाल, पिंटू छाबड़ा, गोलू पाटनी, उत्पल गोयल और आदित्य शर्मा भी वहीं फंसे हुए थे। उड़ानों के अचानक रद्द हो जाने से इन सभी को अनिश्चितता की स्थिति का सामना करना पड़ा। दुबई एयरपोर्ट पर प्रतीक्षा के दौरान पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने अपने समर्थकों और परिचितों से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क साधा। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया फ्लाइट कैंसिल होने के कारण वापसी में देरी हुई, लेकिन अब विशेष विमान के जरिए भारत लौटना संभव हो पाया है।

एयरस्पेस बंद होने से यात्रियों को हुई परेशानी
दरअसल, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के चलते क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति संवेदनशील हो गई थी। एहतियात के तौर पर ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया, जिससे खाड़ी देशों और अन्य अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर संचालित कई उड़ानें प्रभावित हुईं। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द या स्थगित कर दी गईं, जिसके कारण बड़ी संख्या में यात्री वहीं रुकने को मजबूर हो गए। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि वैश्विक राजनीतिक तनाव का असर आम यात्रियों पर भी पड़ता है।  

5379487