मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पदस्थ एक टीआई पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। एक महिला ने आरोप लगाया कि, टीआई ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला 9 महीने की गर्भवती हो गई और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, झांसी रोड पुलिस स्टेशन ने इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा के खिलाफ बलात्कार के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। रूपेश शर्मा वर्तमान में तिघरा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में तैनात हैं। जांच करने पर पता चला है कि, आरोपी इंस्पेक्टर शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। पीड़िता विधवा है और नौ महीने की गर्भवती है। महिला देर रात थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंची।
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती
महिला ने बताया कि, उसके पति की छह साल पहले मौत हो चुकी है। उसका एक बच्चा भी है। सोशल मीडिया के जरिए उसकी इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा से जान-पहचान हुई। महिला का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने उससे शादी करने का वादा किया और उसके बाद कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पहले से शादीशुदा निकला टीआई
जब महिला गर्भवती हो गई तो उसने रूपेश पर शादी करने का दबाव डाला। इस पर वह मामले को टालने लगे। इसके बाद महिला ने रूपेश के परिवार वालों से संपर्क किया। महिला को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। सच्चाई सामने आने के बाद महिला ने उसका विरोध किया लेकिन आरोपी ने उसे धमकी दी। इसके बाद महिला ने झांसी रोड पुलिस स्टेशन जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बलात्कार का मामला दर्ज
थाना प्रभारी ने मामले की जांच की और वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया। शुरुआती जांच के बाद रविवार देर रात करीब 12 बजे आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस फिलहाल मामले में आगे की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।