haribhoomi hindi news
ग्वालियर के सागर ताल में तीन भाई-बहनों के कूदने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि भाई-बहन को बचा लिया गया। बड़े भाई ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में स्थित सागर ताल में मंगलवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों ने तालाब में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि, जीवित बचे भाई-बहन का उपचार दिया। मृतक की पहचान बबलू खान के रूप में की गई है।

बड़े भाई ने लगाए चौंकाने वाले आरोप
घटना के बाद बचे हुए बड़े भाई ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे लंबे समय से मानसिक और सामाजिक दबाव का सामना कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास के लोग और कुछ रिश्तेदार उन्हें परेशान कर रहे थे, जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस इन बयानों को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी कोई समस्या तो इस घटना के पीछे कारण नहीं है।

फेफड़े में पानी भरने से युवक की मौत
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मृतक के फेफड़ों में पानी भर जाने के कारण उसकी मौत हुई। वहीं, अन्य दो लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। तीनों भाई-बहन जनकगंज क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और जल्द ही उनकी काउंसलिंग भी कराई जा सकती है।

घटना की असली वजह जानने शुरू की जांच  
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और परिवार की पृष्ठभूमि को भी खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कदम अचानक उठाया गया या इसके पीछे लंबा तनाव रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों को सामने लाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।  

7