Damoh News: मध्यप्रदेश। दमोह में पांच साल के बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बच्चा जो अपने दोस्तों के साथ खेत में खेल रहा था उस पर अचानक एक युवक ने हमला कर दिया। बच्चे के मां-बाप खेत में ही काम कर रहे थे जैसे ही हमला हुआ वे दौड़कर बच्चे के पास पहुंचे हालांकि अस्पताल ले जाते समय ही उसकी मौत हो गई।
आरोपी मौके से फरार
मामला नोहटा थाना क्षेत्र के कुलुआ पट्टी गांव का है। बच्चे के माता-पिता खेत में काम कर रहे थे। तभी सतीश आदिवासी नामक युवक डंडा लेकर बच्चे के पास पहुंचा। उसे देखकर अन्य बच्चे डर गए और वहां से भाग गए। सतीश ने बच्चे को तब तक पीटा जब तक उसकी जान नहीं चली गई। चिल्लाने की आवाज सुनकर मां-बाप बच्चे के पास पहुंचे लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सतीश भी मौके से फरार हो गया था।
हत्या की जानकारी मिलने से हड़कंप
जिला अस्पताल के डॉक्टर्स का कहना है कि, बच्चे के शरीर पर कई चोट थी। ऐसा लग रहा था मानो बच्चे के चेहरे को पत्थर से कुचला गया हो। हत्या की जानकारी मिलने से इलाके में हड़कंप है।
आरोपी को ढूंढने की कोशिश जारी
पुलिस को मामले की सूचना दी गई है। बच्चे के शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। नोहटा पुलिस आरोपी को ढूंढने की कोशिश कर रही है। आरोपी ने किस कारण से बच्चे की हत्या की अभी इस मामले की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने परिजनों और गांव के अन्य लोगों का बयान लिया है।