CM Mohan Yadav Security lapse: मुख्यमंत्री मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। उनकी शहडोल सभा में पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर नशा कर घंटों घूमता रहा।

CM Mohan Yadav Security lapse: मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को शहडोल प्रवास पर थे। यहां उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। शहडोल के पॉलीटेक्निक मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री की सभा में एक नशेड़ी पुलिसकर्मी वर्दी पहनकर पहुंच गया। आरोपी वहां घंटों बैठा रहा, लेकिन अधिकारी पहचान नहीं पाए। मीडिया को उसकी हरकतें संदिग्ध लगीं तो पूछताछ शुरू की, जिसके बाद वह भाग निकला। 

शहडोल में CM की सभा में महिलाओं से बात चर्चा करता पुलिसवर्दी में आया युवक।

नशे की हालत में छात्राओं के बीच पहुंचा, अंदर जाने से रोका  
आरोपी पुलिसकर्मी दोपहर 12 बजे के आसपास उस प्वाइंट पर पहुंच गया, जहां से मुख्यमंत्री मोहन यादव को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करना था। पुलिस वर्दी में आरोपी कार्यक्रम में मौजूद लोगों के सामने रौब झाड़ता रहा। महिलाओं से अभद्रता की। इतना ही नहीं सीएम की सभा में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने के लिए आई छात्राओं को ही रोक दिया। आरोपी पुलिसकर्मी नशे में था। उसकी हरकत देख कुछ लोगों ने विरोध किया। बाद में मीडियाकर्मियों ने सवाल जवाब किए तो भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 

सवाल उठे तो अफसरों ने कोटवार बताया
अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में आरोपी कार्यक्रम स्थल से भाग निकला। पुलिस उसे पकड़ने में असफल रही। मीडिया ने जब सवाल उठाया तो पुलिस अधिकारी आरोपी को कोटवार बताकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। हालांकि, CM की सभा में वह शराब पीकर कैसे पहुंचा, इस बात का जवाब अधिकारी भी नहीं दे पाए।