सीएम मोहन यादव आज सीहोर के आष्टा में बड़ा कार्यक्रम करेंगे। लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं के खातों में ₹1836 करोड़ ट्रांसफर होंगे और ₹184 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी जाएगी। जानें पूरा अपडेट।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 12 अप्रैल को आष्टा (जिला सीहोर) का दौरा करेंगे। उनका यह दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण है। इस कार्यक्रम के जरिए सरकार एक तरफ जहां आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करेगी, वहीं दूसरी ओर बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। मुख्यमंत्री यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसी वजह से प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।

डीआईजी ने की तैयारियों की समीक्षा
इस कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। डीआईजी राजेश चंदेल ने एक दिन पूर्व स्वयं आष्टा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आवागमन मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वीआईपी सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में किसी तरह की लापरवाही नहीं दिखनी चाहिए। कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां कल ही पूरी कर ली गई हैं। 

बहनों के खाते में जाएगी नियमित किस्त 
खास ध्यान इस बात पर दिया गया है कि कार्यक्रम में आने वाली लाड़ली बहनों और आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 1836 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे। यह योजना राज्य सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाती है। 

184 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात  
यह योजना लाखों परिवारों के लिए आर्थिक राहत का माध्यम बन गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री सीहोर जिले को 184 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। इनमें सड़कों का निर्माण, नालों का निर्माण, स्कूलों और छात्रावासों का निर्माण, पेयजल योजनाएं और सब्जी मंडी के विकास जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।