भाजपा की सदस्यता लेने पर जिलाध्यक्ष कांग्रेसियों के पैर पखारकर करेंगे स्वागत, जानें BJP ने क्यों दिया ऐसा अनोखा ऑफर!

BJP District President
X
अयोध्या जाने का आमंत्रण कांग्रेस ने ठुकराया तो अशोकनगर के भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी ने दिया अनोखा ऑफर।
सोनिया गांधी और खड़गे ने अयोध्या जाने के आमंत्रण को ठुकरा दिया है।  इस पर MP के अशोकनगर में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेसियों को एक अनोखा ऑफर दिया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि कोई कांग्रेसी भाजपा की सदस्यता लेता है तो वे पैर पखारकर उनका स्वागत करेंगे।

भोपाल। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने अयोध्या जाने का आमंत्रण कांग्रेस ने ठुकराया तो अशोकनगर के भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेसियों को अनोखा ऑफर दिया है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि यदि कोई कांग्रेसी भाजपा की सदस्यता लेता है तो वे उनका पैर पखारकर स्वागत करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक तिवारी ने कहा कि 500 वर्ष बाद हम सब लोगों का इंतजार खत्म हो रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर बन रहा है और 22 जनवरी को प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा होगी। राम मंदिर हर उस शख्स का है जो राम से प्रेम करता है। लेकिन यह जानकर बड़ी पीड़ा हुई कि सोनिया गांधी और खड़गे ने राम जन्मभूमि न्यास के आमंत्रण पत्र को ठुकरा दिया है।

जो राम को न माने ऐसी पार्टी में कार्यकर्ताओं को नहीं रहना चाहिए
भाजपा जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि क्या कांग्रेस कार्यकर्ता हिन्दू नहीं हैं और राम के नहीं हैं क्या। जो राम को न माने और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में न जाए ऐसी पार्टी में कार्यकर्ताओं को नहीं रहना चाहिए और पार्टी छोड़ देना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जो भी कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता लेगा तो उसके पैर पखारकर स्वागत करूंगा।

कांग्रेस ने कहा-भगवान पर कर रहे राजनीति
अशोकनगर में कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री गिरीश जैन ने पलटवार करते भाजपा पर भगवान राम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन देश के सनातन संस्कृति और धर्म ध्वजा को धारण करने वाले चारों शंकराचार्य इस कार्यक्रम में जाएंगे उसी दिन हम भी कार्यक्रम में चले जाएंगे, क्योंकि जब देश के शंकराचार्य जी का मानना है कि अधूरे किसी भी मंदिर में भगवान की प्राण प्रतिष्ठा नहीं की जा सकती। इससे सिद्ध होता है कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर मंदिर पर राजनीति कर रही है और हमें हिंदू होने का प्रमाण भाजपा से नहीं चाहिए।

धार में कांग्रेस प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा
बता दें कि सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने भगवान श्री राम के मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण को ठुकरा दिया है। मध्यप्रदेश सहित देशभर में कांग्रेस के कई नेताओं ने इस फैसले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। राष्ट्रीय युवक कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं धार जिला कांग्रेस के प्रवक्ता दीपेंद्र सिंह ठाकुर ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता के साथ ही अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story