मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल में विजय राजपूत मेवाड़ हत्याकांड को लेकर हिन्दू समाज के लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। अशोका गार्डन इलाके में रविवार को विजय राजपूत मेवाड़ की हत्या कर दी गई थी। प्रदर्शन कर रहे लोगों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हैं। लोगों का कहना है कि, आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। सीएम आवास से करीब 100 मीटर दूर पॉलिटेक्निक चौराहे पर संगठन के लोगों ने नारेबाजी भी की।
बताया जा रहा है प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस ने मोर्चा संभाला। बैरिकेडिंग कर लोगों को आगे जाने से रोका गया। पुलिस द्वारा रोशनपुरा चौराहा पर भी बैरिकेडिंग की गई थी लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। विजय राजपूत मेवाड़ हत्याकांड के आरोपी के खिलाफ प्रदर्शन में सकल हिन्दू समाज के आवाहन पर हिन्दू उत्सव समिति और बजरंगदल जैसे संगठन शामिल हैं।
विजय राजपूत मेवाड़ हत्याकांड
दरअसल, रविवार रात अशोका गार्डन इलाके में विजय राजपूत मेवाड़ की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। विजय राजपूत आरोपी को बेटा कहकर समझा रहे थे लेकिन आरोपी ने उन्हीं पर चाकू से हमला कर दिया। सोमवार को गुस्साए लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम किया था। पुलिस द्वारा समझाइश के बाद जाम खुल पाया था।
हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए
इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी का नाम आसिफ उर्फ बम है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। मंगलवार की रात मंत्री विशवास सारंग मृतक विजय के घर गए थे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की। मीडिया के सामने आकर मंत्री सारंग ने कहा था कि, विजय एक होनहार युवा था। हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। बिना बाती के किसी की हत्या कर दी गई...यह सही नहीं है।
दोषियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन
मंत्री ने यह भी कहा था कि, दोषियों के अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर एक्शन लिया जाएगा। मृतक की पत्नी के लिए रोजगार और दोनों बेटियों की पढ़ाई की जिम्मेदारी हमने ली है। पुलिस -प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।