मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल से लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि, टीटी नगर में रहने वाली एक माइनिंग विभाग की कर्मचारी को उसी के घर में बंधक बनाया गया। इसके बाद चाकू की नोंक पर लूट की गई। लूटपाट की इस वारदात में कर्मचारी की नौकरानी का बेटा और उसका नाबालिग मौसेरा भाई मुख्य आरोपी है। 

पुलिस ने की एफआईआर दर्ज
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी 1.68 लाख कैश और आईफोन समेत सवा तीन लाख का माल लेकर रफूचक्कर हो गए। शनिवार शाम इस घटना को अंजाम दिया गया। रविवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

नौकरानी के बेटे ने रची साजिश
पुलिस ने बताया कि, माइनिंग विभाग की कर्मचारी अर्चना वर्मा टीटी नगर में क्वाटर 98 में रहती हैं। वे खनन विभाग में ग्रेड - 3 कर्मचारी हैं। अर्चना के पिता सिक्यॉरिटी गार्ड हैं और मां का निधन हो चुका है। घर का ख्याल रखने के लिए अर्चना ने एक नौकरानी को रखा था। इसी नौकरानी के बेटे ने लूट की पूरी साजिश रची। इस साजिश को अंजाम देने में उसके नाबालिग मौसेरे भाई ने उसका साथ दिया।

अटेम्प्ट टू मर्डर में जेल जा चुका है आरोपी
आरोपी की पहचान आशीष उर्फ गोली रायकवार के रूप में हुई है। अटेम्प्ट टू मर्डर केस में वह जेल गया था। हाल ही में वो जेल से बाहर आया था। आशीष, छोटे - मोटे काम के लिए अर्चना के घर आया - जाया करता था। इसी कारण उसे घर की हर जानकारी थी। 

15 मिनट के अंदर लूट
लूटपाट की घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी काम का बहाना बनाकर घर में आए। अर्चना के द्वारा गेट खोलते ही दोनों घर में घुस गए। इसके बाद चाकू की नोंक पर घर में रखे कीमती सामान और कैश की जानकारी ली। 15 मिनट के अंदर आईफोन और कैश लेकर दोनों फरार हो गए। 

ये थी चोरी की वजह
सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कैश और मोबाईल रिकवर कर लिया गया है। पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी ने बताया कि, उसने समूह लोन ले रखा है। रिकवरी के लिए कॉल आते हैं। लूट की रकम से वो लोन चुकाना चाहता था जबकि बाकी बचे पैसे से वो बाइक खरीदने का प्लान बना रहा था।