भोपाल। राजा भोज एयरपोर्ट पर अब यात्रियों को चार घंटे तक मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। यह सुविधा देश के कुल 39 हवाई अड्डों पर एक साथ शुरू की गई है। इसका उद्देश्य हवाई यात्रा को अधिक सुविधाजनक और डिजिटल सशक्त बनाना है।
इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कोयंबटूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से किया। नई व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट टर्मिनल परिसर में छह आधुनिक और तेज गति वाले वाई-फाई एक्सेस प्वाइंट लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों को निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी मिल सके।
न्यूनतम होगी 1 एमबीपीएस की स्पीड
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार न्यूनतम 1 एमबीपीएस की स्पीड सुनिश्चित की गई है, जिससे यात्री अपनी उड़ान का इंतजार करते समय ईमेल चेक कर सकें, ऑनलाइन मीटिंग में शामिल हो सकें, वीडियो कॉल कर सकें या सोशल मीडिया पर समय बिता सकें और मनोरंजक कार्यक्रम देख सकें।
इस सुविधा का उपयोग करना बेहद आसान है। सबसे पहले यात्रियों को एयरपोर्ट पर उपलब्ध अधिकृत वाई-फाई नेटवर्क को अपने मोबाइल या लैपटॉप में चुनना होगा। इसके बाद उन्हें अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिस पर एक ओटीपी आएगा।
4 घंटे मिलेगी फ्री इंटरनेट सेवा
ओटीपी सत्यापन पूरा होते ही चार घंटे तक के लिए मुफ्त इंटरनेट सेवा सक्रिय हो जाएगी। यह प्रक्रिया तेज और सुरक्षित है, जिससे किसी प्रकार की तकनीकी जटिलता नहीं है। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। यदि किसी विदेशी यात्री के पास भारतीय मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं है, तो वह May I Help You काउंटर पर जाकर टोकन आधारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर सकता है। एयरपोर्ट स्टाफ द्वारा जरूरी जानकारी लेने के बाद उन्हें लॉग-इन की सुविधा प्रदान की जाएगी। यदि इंटरनेट कनेक्शन में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो यात्री इसी सहायता काउंटर से तुरंत मदद ले सकते हैं।
आज के समय में इंटरनेट बेहद जरूरी
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि आधुनिक हवाई अड्डों की पहचान केवल बेहतर अवसंरचना से ही नहीं, बल्कि डिजिटल सुविधाओं से भी होती है। आज के समय में यात्रियों के लिए इंटरनेट उतना ही जरूरी हो गया है जितना अन्य बुनियादी सुविधाएं। खासतौर पर व्यावसायिक यात्रियों और छात्रों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित होगी।
यह कदम भोपाल एयरपोर्ट के डिजिटल उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे यात्रियों को अधिक आरामदायक और उत्पादक यात्रा अनुभव मिलेगा। इसके साथ ही, यह सुविधा शहर के एयरपोर्ट को तकनीकी रूप से और अधिक प्रतिस्पर्धी तथा आधुनिक बनाने में सहायक सिद्ध होगी।









