भोपाल। पुराने शहर के कई हिस्सों में इन दिनों पानी को लेकर परेशानी बढ़ गई है। इसका मुख्य कारण ईदगाह हिल्स क्षेत्र में स्थित पुराने फिल्टर प्लांट, स्टोरेज टैंक और ओवरहेड टैंकों को हटाया जाना बताया जा रहा है। इन संरचनाओं को तोड़े जाने के बाद जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे कई मोहल्लों में पानी का दबाव कम हो गया है और सप्लाई का समय भी बदल गया है। इस बदलाव के कारण लोगों को पहले की तरह तय समय पर पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
जरूरत के अनुसार नहीं मिल रहा पेयजल
स्थानीय निवासियों के अनुसार पहले सुबह नियमित रूप से अच्छी मात्रा और पर्याप्त दबाव के साथ पानी मिलता था, जिससे घरों की टंकियां आसानी से भर जाती थीं। परक पिछले कुछ दिनों से स्थिति बदल गई है। अब पानी का समय निश्चित नहीं रह गया है और जब पानी आता भी है तो उसका दबाव काफी कम होता है। कम दबाव के कारण कई घरों की टंकियां पूरी तरह नहीं भर पातीं, जिससे दिनभर पानी की कमी महसूस होती है। शाहजहांनाबाद इलाके के कुछ लोगों का कहना है कि पहले जलापूर्ति का समय निश्चित था और उस दौरान लगातार पानी आता था।
जलापूर्ति में अनियमितता से लोग परेशान
इन दिनों सप्लाई में अनियमितता देखने को मिल रही है। कई बार पानी अपेक्षा से पहले या बाद में आता है, जिससे लोग तैयार नहीं रह पाते और पानी का सही तरीके से संग्रह नहीं कर पाते। वहीं परी पार्क क्षेत्र के निवासियों ने भी बताया कि पहले लगभग एक घंटे तक पानी की सप्लाई रहती थी, लेकिन अब यह समय घटकर करीब आधे घंटे तक ही रह गया है। इतने कम समय और कम दबाव में घरों के लिए पर्याप्त पानी इकट्ठा करना मुश्किल हो रहा है। इस मुद्दे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी चिंता जताई है।
बिना तैयारी हटाई गईं जल संरचनाएं
इस संबंध में बात करने पर वार्ड 8 की पार्षद रेहाना सुल्तान ने कहा जल संरचनाओं को हटाने का फैसला बिना पूरी तैयारी के लिया गया लगता है। उनका मानना है कि यदि पुराने टैंक और फिल्टर प्लांट को हटाना जरूरी था, तो उससे पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी, ताकि लोगों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह काम केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के तहत किया जा रहा है।
नया प्लांट बनने पर खत्म होगी परेशानियां
अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत ईदगाह हिल्स में पुराने फिल्टर प्लांट को हटाकर उसकी जगह आधुनिक तकनीक से लैस नया फिल्टर प्लांट बनाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य के चलते फिलहाल जलापूर्ति की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। अधिकारियों ने दावा किया है कि नया प्लांट बनने के बाद शहर के इस हिस्से में जल की आपूर्ति व्यवस्था पहले से बेहतर हो जाएगी, लेकिन तब तक लोगों को कुछ समय तक असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।