भोपाल नगर निगम 25 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगा। इस बार बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, सड़कों, नालों, जल आपूर्ति और शहरी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा।

भोपाल। नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2026–27 का बजट 25 मार्च को पेश किया जाएगा। शहर सरकार कहे जाने वाले नगर निगम के इस बजट में इस बार खासतौर पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। सड़कों, नालों, जल आपूर्ति, सीवरेज और अन्य शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नई योजनाएं शामिल करने की तैयारी की जा रही है। बजट को अंतिम रूप देने के लिए पिछले एक सप्ताह से निगम मुख्यालय में अधिकारियों की लगातार बैठकें हो रही हैं। बैठकों में अलग-अलग विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा हो रही है।  

कई विभागों ने पूरा बजट नहीं किया खर्च
बैठक में होने वाली चर्चा के आधार पर ही बजट का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि आने वाले साल में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए। नगर निगम के सभी विभागों ने बीते वित्तीय वर्ष में हुए खर्च का विवरण निगम आयुक्त संस्कृति जैन को सौंप दिया है। जब इस रिपोर्ट की प्रारंभिक समीक्षा की गई तो यह सामने आया कि कई विभाग अपने लिए निर्धारित बजट का पूरा उपयोग नहीं कर सके।

गैर-जरूरी मदों में कटौती की तैयारी
इस स्थिति को देखते हुए निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने ऐसी मदों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं, जिनमें राशि तो निर्धारित की जाती है लेकिन उसका पूरा उपयोग नहीं हो पाता। सभी विभागों ने बीते वित्तीय वर्ष में किए गए खर्च का ब्यौरा निगम आयुक्त संस्कृति जैन को सौंप दिया है। समीक्षा के दौरान एक दर्जन ऐसी मदें सामने आई हैं, जिनमें हर साल राशि तो रखी जाती है, लेकिन किसी कारणवश उस पर काम नहीं हो पाता। ऐसे मदों को समाप्त करने या उनमें कटौती की योजना है।

पिछले साल 3600 करोड़ से ज्यादा का बजट
प्रशासन का मानना है कि यदि इन अनुपयोगी मदों को हटाकर धनराशि को जरूरी परियोजनाओं में लगाया जाए तो शहर के विकास कार्यों को गति मिल सकती है। इसी कारण बजट को अधिक व्यावहारिक और परिणामकारी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025–26 में नगर निगम का कुल बजट लगभग 3600 करोड़ 79 लाख 75 हजार रुपए का था। इस बजट में राजस्व आय का लगभग 5% हिस्सा यानी करीब 110 करोड़, आरक्षित निधि के रूप में रखा गया था।

इंफ्रा विकास को मिलेगी प्राथमिकता
इसके अलावा बजट में संभावित घाटे को भी ध्यान में रखा गया था। पिछले साल नगर निगम का बजट 3 अप्रैल 2025 को पेश किया गया था। इस बार अगले वित्तीय वर्ष के बजट में खर्च और आय दोनों के बीच बेहतर संतुलन पर जोर दिया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार इस बार के बजट में शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 

मौजूदा संसाधनों के सही उपयोग पर जोर
बजट में सड़कों का निर्माण और मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य शहरी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नई योजनाएं प्रस्तावित की जा सकती हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि उपलब्ध संसाधनों का सही उपयोग करते हुए भोपाल को अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाया जाए। आने वाले दिनों में बजट का अंतिम ड्राफ्ट तैयार कर उसे 25 मार्च को नगर निगम परिषद में प्रस्तुत किया जाएगा।