Logo
भोपाल के आईटी पार्क में खुले बिजली के तार की चपेट में आने से 60 वर्षीय माली की मौत। हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल। पढ़ें पूरी खबर।

Bhopal News : भोपाल। स्थानीय आईटी पार्क में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बिजली के खुले तार की चपेट में आने से एक 60 वर्षीय माली की जान चली गई। यह घटना दोपहर लगभग 12 बजे की है। मृतक कर्मचारी नियमित रूप से परिसर के बगीचे की देखरेख करता था। काम के बीच मलखान सिंह पार्के के एक कोने में गया, जहां खुले पड़े एक बिजली के तार की चपेट में आ गया। बिजली का तेज झटका लगते ही वह बुरी तरह से झुलस गया और बाद में उसकी मौत हो गई। 

हमीदिया में उपचार के दौरान हुई मौत
मलखान जैसे ही पार्क के किनारे स्थित दीवार के पास पहुंचा तभी जमीन पर पड़े एक खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही उसे तेज करंट लगा जिससे वह गंभीर रूप से झुलसकर वहीं गिर पड़ा। कुछ देर बाद एक सहकर्मी की नजर अचेत अवस्था में जमीन पर पड़े मलखान पर पड़ी।  सहकर्मी उन्हें तुरंत हमीदिया ले गए और अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 

पार्कों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा खुले और असुरक्षित बिजली तार के चपेट में आने से हुआ। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि तार वहां कब से पड़ा था और यह देखने की जिम्मेदारी किसकी है। दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना ने आईटी पार्क जैसी जगह पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।  

5379487