Bhopal Firing Incident: मध्यप्रदेश। राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह फायरिंग की सनसनीखेज वारदात हो गई। बताया जा रहा है कि, पुरानी रंजिश के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग की। गोलीबारी में एक युवक घायल हो गया। इलाज के लिए उसे हमीदिया अस्पताल (Hamidia Hospital Bhopal) लाया गया तो, बदमाशों ने अस्पताल तक उसका पीछा कर गोलियां चलाईं। घटना के बाद अस्पताल में भी दहशत का माहौल हो गया।
बदमाश लल्लू रईस और शादाब गेट की दुश्मनी
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान शादाब गेट के रूप में हुई है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बदमाश लल्लू रईस के घर में आठ से नौ राउंड फायरिंग की। बदमाश लल्लू रईस और शादाब गेट के बीच पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते शादाब गेट अपने साथियों के साथ मिलकर शनिवार सुबह लल्लू रईस के घर पहुंचा और हमला कर दिया।
अस्पताल में भी फायरिंग हुई
हमले के चलते लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। इमरान के परिजन उसे लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे तो आरोपी भी उसका पीछा करते हुए अस्पताल आ गए। अस्पताल में भी फायरिंग हुई जिसके बाद चारों ओर अफरा - तफरी मच गई।
गोलीबारी के बाद बदमाश मौके से फरार
गोलीबारी के चलते हमीदिया अस्पताल के इमरजेंसी गेट का कांच टूट गया। गनीमत रही कि, सुरक्षाकर्मी इस हमले में बच गए। गोलीबारी के बाद लोग इकठ्ठा हुए तो बदमाश मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
पहले भी किया था हमला
लल्लू रईस का कहना है कि, शादाब गेट और उसके बीच लंबे समय से दुश्मनी चल रही है। उसका कहना है कि, उसके लोग लंबे समय से क्षेत्र में जुआ-सट्टा खेलने वालों की जानकारी पुलिस को दे रहे थे। इसी कारण आरोपियों की उससे दुश्मनी हो गई। इसके पहले भी शादाब गेट इमरान पर चाकू से हमला कर चुका है।
सुबह-सुबह चली गोलियां
बदमाशों ने सुबह-सुबह बदमाशों ने गोलियां चलाईं। लल्लू रईस का बेटा इमरान घर के बाहर आया तो उसके पैर में गोली मार दी गई। कोहेफिजा थाना और टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंची। यह जानकारी भी सामने आई है कि, शादाब गेट ऐशबाग थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है। छह महीने पहले ही वह हत्या के मामले में जमानत लेकर बाहर आया था। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।