भोपाल के 10 नंबर मार्केट में अतिक्रमण हटाने गई टीम के सामने दुकानदार ने खुद को आग लगा ली। मौके पर अफरा-तफरी, अस्पताल में भर्ती।

Bhopal News: राजधानी भोपाल में अतिक्रमण हटाने आई टीम के सामने एक दुकानदार ने खुद को आग लगा ली। मामला भोपाल के दस नंबर मार्केट का है। गनीमर रही कि, आसपास खड़े लोगों ने दुकानदार पर पानी डाल दिया। इसके चलते दुकानदार ज्यादा नहीं झुलसा। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।

बताया जा रहा है कि, शनिवार को नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जैसे ही टीम ने अपना एक्शन शुरू किया तभी कुछ दुकानदार विरोध करने लगे। एक दुकानदार इतना नाराज हुआ कि, उसने खुद पर जलनशील पदार्थ डाल लिया और आग लगा ली।

दुकानदारों ने लगाया पक्षपात का आरोप
दुकानदार द्वारा खुद को आग लगाने के चलते बाजार में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान लोगों ने नगर निगम की टीम का विरोध किया। लोगों ने आरोप लगाया कि, नगर निगम द्वारा कुछ दुकानों को चिन्हित किया गया। कुछ दुकानदारों ने पक्षपात का आरोप भी नगर निगम की टीम पर लगाया। आग के चलते दुकानदार के कपड़े जल गए थे। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया। फिलहाल दुकानदार का इलाज जारी है। उसकी हालत स्थिर है।

बता दें कि, भोपाल में कई स्थानों पर नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण चिन्हित किए हैं। बीते दिनों भी कई स्थानों पर ऐसी कार्रवाई की गई है। भोपाल के दस नंबर मार्केट में हुई इस घटना को लेकर नगर निगम की टीम ने कोई बयान जारी नहीं किया है।

(मध्यप्रदेश के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)