भोपाल। स्थानीय अयोध्या नगर क्षेत्र में शनिवार को एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार में चल रही एक कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगी फेंसिंग को तोड़ते हुए पास की खदान में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक युवक का नाम रोहित माली (22) था, जो माहोली छोला मंदिर क्षेत्र का निवासी था।
जीविका के लिए कैब चलाता था युवक
पुलिस ने बताया शनिवार को वह अपने दोस्तों अजय भारती और अरविंद मालवीय के साथ कार में निकला था। तीनों अयोध्या नगर चौराहे से पिपलिया जाहिर पीर पीतल चौक की ओर गए। इसके बाद वे शंकर खदान के पास स्थित कच्चे मार्ग से अयोध्या नगर की तरफ लौटे। इसी दौरान एक मोड़ पर गाड़ी अचानक असंतुलित हो कर सड़क किनारे लगे सीमेंट के पोल और फेंसिंग तोड़ते हुए पानी से भरी खदान में गिर गई।
दो युवकों को समय रहते बचाया गया
ही पुलिस और नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे अजय और अरविंद को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया। दोनों को मामूली चोटें आईं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। रोहित माली ड्राइविंग सीट पर ही फंसा रह गया था। उसने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिससे वह कार से नहीं निकल सका।
रेस्क्यू के समय चल रही थीं सांसें
बचाव दल ने खदान में भरे पानी से जब उसे बाहर निकाला तब उसकी सांसें चल रही थीं। रेस्क्यू के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने रोहित को सीपीआर दिया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे ने परिवार और इलाके के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
क्रेन की मदद से निकाली गई कार
नगर निगम की टीम ने क्रेन की सहायता से खदान में गिरी कार को बाहर निकाला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया तेज रफ्तार और अचानक मोड़ लेने के कारण कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और हादसा हो गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे में घायल दो युवकों का इलाज किया जा रहा है। उनकी हालत सामान्य है।