भोपाल में ADG राजाबाबू सिंह को धमकी, घर के बाहर युवकों ने की गाली-गलौज। CCTV के आधार पर दोनों आरोपी गिरफ्तार।

Bhopal News: पीएचक्यू प्रशिक्षण शाखा के एडीजी राजाबाबू सिंह (ADG Rajababu Singh) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने शिकायत की है कि, उनकी जान को खतरा है। राजाबाबू सिंह ने भोपाल पुलिस आयुक्त के अलावा इंटेलिजेंस एडीजी, डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। 

नवाचारों से कुछ लोग परेशान
बताया जा रहा है कि, भोपाल के त्रिलंगा स्थित उनके बंगले के सामने मंगलवार सुबह दो अज्ञात युवक पहुंचे थे। उनमें से एक डंडा लेकर वाहन से उतरा और गाली गलौज करने लगा। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने दोनों को भगाया। इसके बाद एडीजी सिंह ने शाहपुरा थाने में दोनों के खिलाफ शिकायत की और सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। उनका कहना है कि, 'सनातन धर्म के मानव मूल्यों से जुड़े नवाचारों से कुछ लोग परेशान हैं।'

इस वजह से चर्चा में राजाबाबू सिंह
हाल ही में ADG राजाबाबू सिंह ने मध्यप्रदेश के सभी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में सुबह की शुरुआत दक्षिणामूर्ति स्तोत्र के पाठ से करने को कहा था। उनके इस फैसले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में काफी बहस छिड़ गई थी। इसके पहले भी पीटीएस के जवानों को रामचरित मानस और मदरसा के छात्रों को कुरआन के साथ गीता पढ़ने की सलाह दे चुके है।

ADG Rajababu Singh

दोनों आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के कुछ घंटों बाद ही पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। शाहपुरा थाना प्रभारी संतोष मरकाम के अनुसार दोनों आरोपियों की पहचान नितेश चौरसिया और रुद्राक्ष यादव के रूप में हुई है। दोनों भोपाल के रहने वाले हैं। एक प्राइवेट संस्थान में नौकरी करते हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कहा कि, वे गलत पते पर पहुंच गए थे। इसी बात के चलते बहस हो गई। फिलहाल पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।