MP में राहुल की यात्रा के 5 दिन: किसानों संग खाट पंचायत, अमरूद के बगीचे पहुंचे, शादी का आनंद लिया, अब राजस्थान जाएंगे

Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra
X
Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra
मध्यप्रदेश में पांच दिन रहने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। MP में राहुल की यात्रा 2 मार्च को मुरैना से एंटर हुई थी। 5 दिनों में यात्रा 9 जिले और 7 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान राहुल गांधी के अलग-अलग रंग नजर आए।

भोपाल। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राजस्थान के लिए निकल चुकी है। राहुल ओपन जीप से आगे के सफर के लिए निकले। 2 मार्च को यात्रा मुरैना से मध्यप्रदेश में एंटर हुई थी। आखिरी पड़ाव रतलाम जिले में सैलाना के सरवन गांव में रहा। यहां राहुल गांधी और उनकी टीम ने रात्रि विश्राम किया। यह गांव राजस्थान की सीमा से सटा है। अब यात्रा बांसवाड़ा जाएगी। बता दें राहुल गांधी एमपी में पांच दिन रहे। इन 5 दिनों में राहुल की यात्रा 9 जिले और 7 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी।

किसानों के साथ खाट पंचायत, अमरूद के बगीचे भी पहुंचे
एमपी में न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी के अलग-अलग रंग नजर आए। राहुल सेना में भर्ती की चाहत रखने वाले युवाओं से मिले। किसानों के साथ खाट पंचायत की। भगवान महाकाल की शरण में गए तो यात्रा के रूट में हो रही एक शादी में शामिल हो गए। एक कार्यकर्ता ने राहुल गांधी को अमरूद भेंट किए तो वे अमरूद के बगीचे में पहुंच गए।

पहला दिन: देश में दो विचारधारा की लड़ाई है
बता दें पहले दिन यानी दो मार्च को राजस्थान के धौलपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा मुरैना पहुंची। यहां राहुल ने कहा-बीजेपी और आरएसएस देश में नफरत, हिंसा और डर फैला रहे हैं। देश में दो विचारधारा की लड़ाई है। नफरत और मोहब्बत के बीच में जो लड़ाई हो रही है। राहुल गांधी ने एक बार फिर देश में जाति जनगणना की बात कही।

दूसरा दिन: भारत में पाकिस्तान से ज्यादा बेरोजगारी
तीन मार्च को राहुल की यात्रा ग्वालियर पहुंची। यहां राहुल ने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और भूटान से ज्यादा बेरोजगारी भारत में है। राहुल ने कहा कि अगर मोदी सरकार अरबपतियों के लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ कर सकती है जो किसानों का कर्ज माफ क्यों नहीं कर सकती। राहुल ने ग्वालियर के देवास गार्डन में अग्निवीरों और पूर्व सैनिकों से संवाद किया। मोहना में रोड शो किया।

तीसरा दिन: खाट पंचायत और शादी में पहुंचे राहुल
तीसरे दिन यानी चार मार्च को राहुल की न्याय यात्रा गुना और राजगढ़ जिले के ब्यावरा पहुंची। राघौगढ़ में रोड शो किया। राघौगढ़ से ब्यावरा जाते समय एक शादी में भी शामिल हुए। संयोग से दूल्हे का नाम भी राहुल निकला। ब्यावरा के भाटखेड़ी में किसानों के साथ खाट पंचायत की। खाट पर बैठकर राहुल ने किसानों की समस्याएं सुनीं। राहुल गांधी ने यहां रोड शो और नुक्कड़ सभाएं भी कीं।

चौथा दिन: राहुल के सामने मोदी-मोदी के नारे लगे
चौथे दिन यानी पांच मार्च को यात्रा शाजापुर से मक्सी होते हुए उज्जैन पहुंची। यहां राहुल ने महाकाल के दर्शन किए। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान गणेश मंडपम में राहुल के सामने मोदी-मोदी के नारे लगे। इसके बाद खुली जीप में रोड शो किया। सभा को संबोधित किया। राहुल उज्जैन में बोले कि जो डरते हैं, नफरत उन्हीं के अंदर पैदा होती है। एक भाजपा नेता और कुछ कार्यकर्ताओं ने राहुल को आलू देकर कहा- सोना बनाओ। राहुल बोले-धन्यवाद, अगली बार सोना लेकर आऊंगा।

पांचवां दिन: राहुल बोले-मोदी झूठों के सरदार हैं
पांचवें दिन यानी छह मार्च को न्याय यात्रा उज्जैन के इंगोरिया से बड़नगर पहुंची। यहां राहुल ने महिलाओं से संवाद किया। धार के बदनावर में जनसभा की। यह भी बोले कि मोदी झूठों के सरदार हैं। इसके बाद रतलाम पहुंचे। रतलाम में कहा- मोदी सरकार में अंबानी-अडाणी जैसे 5-10% लोगों की ही जय हो रही है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर अयोध्या में हमारी आदिवासी राष्ट्रपति नहीं दिखीं। उन्होंने क्या गलती की थी? ​​​​​​इसके बाद राहुल रतलाम के सैलाना के सरवन गांव पहुंचे। यहां राहुल गांधी और उनकी टीम ने रात्रि विश्राम किया। राहुल गांधी अब मध्यप्रदेश से बांसवाड़ा जाएंगे।

जयराम बोले-17 मार्च को I.N.D.I.A गठबंधन की रैली होगी
रतलाम में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, 17 मार्च को मुंबई में I.N.D.I.A गठबंधन जनबंधन की एक रैली होगी। यह कार्यक्रम भारत जोड़ो न्याय यात्रा का अंतिम कार्यक्रम होगा। हमने सभी 26 पार्टियों को निमंत्रण दिया है। हम उम्मीद करते हैं कि सभी लोग आएंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story