भोपाल। प्रदेश सरकार ने किसान कल्याण वर्ष के तहत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपनी पहली कृषि कैबिनेट जनजातीय बहुल क्षेत्र बड़वानी जिले के नागलवाड़ी गांव में आयोजित करने का निर्णय लिया है। आज होने वाली इस विशेष बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। यह आयोजन केवल औपचारिक बैठक भर नहीं है, बल्कि इसमें पूरा मंत्रिमंडल दिनभर गांव में रहकर किसानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद करेगा। सरकार का उद्देश्य है कि कृषि नीतियों को जमीनी स्तर पर समझा जाए और जनजातीय क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए।
जनजातीन इलाकों का विकास प्राथमिकता
नागलवाड़ी लगभग छह हजार की आबादी वाला आदिवासी बहुल गांव है। यहां कृषि कैबिनेट का आयोजन प्रतीकात्मक और व्यावहारिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार इसके माध्यम से यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि ग्रामीण और जनजातीय इलाकों का विकास उसकी पहली प्राथमिकता है। बैठक के साथ कृषि और जनजातीय कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि किसानों को नई तकनीकों, योजनाओं और सरकारी सहायता कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके।
निमाड़ क्षेत्र में कृषि विकास को मिलेगी दिशा
उम्मीद है कि इस पहल से निमाड़ क्षेत्र के कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी। इस आयोजन का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि इससे पहले आमतौर पर कैबिनेट बैठकों का आयोजन राजधानी या बड़े शहरों में होता रहा है। गांव में कैबिनेट बुलाकर सरकार यह दिखाना चाहती है कि नीति निर्माण अब ग्रामीण परिवेश से जुड़कर किया जाएगा। किसानों की समस्याओं, फसल उत्पादन, सिंचाई, समर्थन मूल्य और जनजातीय आजीविका जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा होने की संभावना है।
शुक्ला बने बड़वानी के नए पुलिस अधीक्षक
इसी बीच प्रशासनिक स्तर पर भी बड़वानी जिले में अहम अहम बदलाव किया गया है। राज्य सरकार ने इंदौर में रेल पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत पदम विलोचन शुक्ला को बड़वानी का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। यह पद पिछले करीब एक महीने से खाली था। जनवरी के अंत में पूर्व एसपी जगदीश डाबर के सेवानिवृत्त होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कृषि कैबिनेट जैसे बड़े कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए स्थायी नियुक्ति को आवश्यक माना गया। इस नियुक्ति से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।