मध्य प्रदेश में मार्च ने आते ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। महीने के पहले ही दिन प्रदेश के कई शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। निमाड़ क्षेत्र के खरगोन में पारा 35.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान माना जा रहा है।
राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में दोपहर की तेज धूप ने लोगों को समय से पहले ही गर्मी का एहसास करा दिया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और चढ़ सकता है।
अगले चार दिन रहेंगे और गर्म
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। यानी मार्च की शुरुआत ही तपिश भरी रहने वाली है। दिन के साथ-साथ अब रात का तापमान भी धीरे-धीरे ऊपर जा रहा है, जिससे सुबह की ठंड लगभग खत्म होती दिख रही है।
रविवार को पचमढ़ी को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश में पारा 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। धार, गुना, खंडवा, श्योपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी जैसे जिलों में तापमान 33 डिग्री से ज्यादा पहुंच गया।
रातें भी हो रही हैं गर्म
फरवरी के आखिर और मार्च की शुरुआत में रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सागर, टीकमगढ़ और उमरिया में भी रात का पारा 17 डिग्री से ज्यादा रहा।
अप्रैल-मई में बढ़ सकती है तपिश
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अप्रैल और मई सबसे ज्यादा गर्म रह सकते हैं। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार जाने की आशंका जताई जा रही है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी भीषण गर्मी की चपेट में आ सकते हैं।
रंगपंचमी के आसपास मिल सकती है राहत
गर्मी के बीच थोड़ी राहत की भी उम्मीद है। 4 मार्च से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दो दिन बाद मध्य प्रदेश में दिखाई दे सकता है। इसके चलते रंगपंचमी के आसपास कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अगर यह सिस्टम मजबूत रहा तो तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
क्या कहता है ट्रेंड?
पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च में दिन गर्म, रातें अपेक्षाकृत ठंडी और बीच-बीच में हल्की बारिश देखने को मिलती रही है। इस बार भी कुछ ऐसा ही संकेत मिल रहा है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रातें 10 से 17 डिग्री के बीच रह सकती हैं। ग्वालियर में तापमान का उतार-चढ़ाव सबसे ज्यादा देखने को मिलता है।









