महाशिवरात्रि पर बागेश्वर धाम में 305 बेटियों का सामूहिक विवाह हो रहा है। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भावुक हुए, नौ देशों के राजदूत आशीर्वाद देने पहुंचेंगे।

Chhatarpur News: छतरपुर, मध्यप्रदेश। महाशिवरात्रि के मौके पर बागेश्वर धाम में 305 बेटियों की शादी हो रही है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इस समारोह का आयोजन करवा रहे हैं। जानकारी के अनुसार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री रविवार को जब दूल्हा-दुल्हन से मिले तो भावुक हो गए। उन्होंने इस विवाह को नेशनल नहीं बल्कि इंटरनेशनल इवेंट भी बताया।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लगातार सातवीं बार इस तरह के समारोह का आयोजन कर रहे हैं। दुल्हनों ने जब उन्हें आता देखा तो वे गले लगकर रोने लगीं। कुछ दूल्हों ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के पैर भी पड़े। एक मंच पर ही वरमाला कार्यक्रम हो रहा है इसके लिए 30-30 की संख्या में जोड़ों को बुलाया जा रहा है।

राजदूत देंगे दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद
एएनआई को दी गई बाइट में बागेश्वर धाम पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, "आज 300 बेटियों के कन्या विवाह महा महोत्सव का पवित्र मौका है, जहां दानपात्र मंदिर से सातवां कन्या विवाह महा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है...10-15 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। इस साल का कन्या विवाह सिर्फ एक नेशनल इवेंट नहीं बल्कि एक इंटरनेशनल इवेंट है, क्योंकि नौ देशों के राजदूत दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे।"

जगद्गुरु रामभद्राचार्य भी होंगे शामिल
बागेश्वर धाम में हो रहे इस विवाह समारोह में जगद्गुरु रामभद्राचार्य भी शामिल होंगे। बागेश्वर धाम के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर यह जानकारी देते हुए कहा गया कि, 'सप्तम कन्या विवाह महामहोत्सव में बेटियों को आशीर्वाद देने वृंदावन से पूज्य जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महराज पधार रहे है उनका बागेश्वर धाम पीठ परिवार स्वागत बंदन अभिनंदन करता है।'