मध्यप्रदेश। भोपाल में हुए विजय मेवाड़ हत्याकांड को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि, इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी आसिफ बम का पुलिस ने शार्ट एनकाउंटर कर दिया है। पुलिस आसिफ को गिरफ्तार करके थाने ला रही थी तभी आरोपी ने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आसिफ को गोली लगी है। पुलिस आसिफ को लेकर अस्पताल पहुंची है। यहां उसका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है।
शार्ट एनकाउंटर से पहले राजधानी भोपाल में विजय राजपूत मेवाड़ हत्याकांड को लेकर हिन्दू समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया था। अशोका गार्डन इलाके में रविवार को विजय राजपूत मेवाड़ की हत्या कर दी गई थी। लोगों की मांग थी कि, आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। सीएम आवास से करीब 100 मीटर दूर पॉलिटेक्निक चौराहे पर संगठन के लोगों ने नारेबाजी भी की थी।
पुलिस द्वारा रोशनपुरा चौराहा पर बैरिकेडिंग की गई थी लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए थे। विजय राजपूत मेवाड़ हत्याकांड के आरोपी के खिलाफ प्रदर्शन में सकल हिन्दू समाज के आवाहन पर हिन्दू उत्सव समिति और बजरंगदल जैसे संगठन शामिल थे।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, रविवार रात अशोका गार्डन इलाके में विजय राजपूत मेवाड़ की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। विजय राजपूत आरोपी को बेटा कहकर समझा रहे थे लेकिन आरोपी ने उन्हीं पर चाकू से हमला कर दिया। सोमवार को गुस्साए लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम किया था। पुलिस द्वारा समझाइश के बाद जाम खुल पाया था।
विजय राजपूत के चाय के दो होटल हैं। रविवार रात जब वे अपने कर्मचारियों को पेट्रोल पंप पर छोड़ने गया तब आसिफ अपने दोस्त फरमान, इमरान और कालू के साथ वहां खड़ा था। आसिफ ने विजय के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की तो उसने विरोध किया। विजय ने बेटा कहकर आसिफ को समझाने की कोशिश की लेकिन उसने चाकू निकालकर उसके पेट और सीने में कई वार कर दिए। घायल विजय को उसके कर्मचारी अस्पताल लेकर गए लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।