दुष्कर्म आरोपी आसाराम बापू अचानक इंदौर अस्पताल पहुंचा। साइड गेट से एंट्री, कड़ी सुरक्षा और स्वास्थ्य जांच को लेकर बढ़ी हलचल।

मध्यप्रदेश। दुष्कर्म का आरोपी आसाराम (Asaram Bapu News) गुरुवार सुबह अचानक इंदौर के सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल पहुंचा। उसके साथ उसके चेले और अनुयायी भी मौजूद थे। आसाराम के चेले उसे साइड गेट से अस्पताल के अंदर ले गए। अस्पताल में अचानक आसाराम के आने से गहमागहमी का माहौल हो गया। बताया जा रहा है कि, आसाराम के आने के बारे में पहले से अस्पताल प्रबंधन को सूचित नहीं किया गया था। 

पिछली बार जब आसाराम मुख्य गेट से अस्पताल आया था तब काफी गहमागहमी का माहौल हो गया था। इस बार किसी आपत्तिजनक स्थिति से बचने के लिए उसके अनुयायी उसे साइड गेट से अस्पताल के अंदर लेकर गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार स्वास्थ्य में खराबी के कारण आसाराम को अस्पताल लाया गया है।

व्हीलचेयर से नहीं गया अंदर
अस्पताल के सामने जब आसाराम की कार रुकी तो उसके अनुयायी उसके लिए व्हीलचेयर लेकर खड़े थे। उसने व्हीलचेयर से अस्पताल के अंदर जाने से मना कर दिया और रेलिंग के सहारे गेट के अंदर गया। इस दौरान उसके चेलों और अनुयायियों ने उसे घेर रखा था।

अस्पताल के बाहर हाई सिक्योरिटी
आसाराम के अस्पताल आते ही बाहरी व्यक्तियों की एंट्री बंद कर दी गई। अस्पताल के गेट पर गार्ड खड़े हो गए। डॉक्टर और इमरजेंसी स्टाफ को ही अस्पताल एक अंदर जाने की अनुमति थी। आसाराम चेकअप के बाद दिन भर इंदौर में ही रहने वाला है।

शर्तों पर मिली जमानत
बता दें कि, नाबालिग से बलात्कार के आरोप में स्वयंभू धर्मगुरु आसाराम बापू कारावास की सजा काट रहा था। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत के चलते उसे जमानत दी गई है। इससे पहले भी 84 वर्षीय आसाराम को तीन बार अंतरिम जमानत दी गई थी। आसाराम को फॉलोअर्स से नहीं मिलना, साधकों से समूह में मुलाकात न करना, मीडिया से बातचीत नहीं, सार्वजनिक रूप से प्रवचन नहीं और 3 गार्ड साथ रखने जैसी शर्तों के साथ जमानत मिली है।