haribhoomi hindi news
झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

झारखंड के गिरिडीह जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। डुमरी के कुलगो टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर तीन ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद आग लग गई। इस हादसे में एक ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर जिंदा जल गए, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुड़ से लदा एक ट्रक धनबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कुलगो टोल प्लाजा के पास पहुंचा, उसने सड़क किनारे खड़े आयशर ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आयशर ट्रक आगे खड़े कोयला लदे 18 चक्का ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर के तुरंत बाद तीनों ट्रकों में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें आसमान छूने लगीं।

जिंदा जल गए ड्राइवर और कंडक्टर
इस भयावह आग में एक ट्रक के ड्राइवर और कंडक्टर फंस गए और जिंदा जल गए। दोनों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। मौके पर मिले शव बुरी तरह झुलस चुके थे।

घायल चालक ने सुनाई आपबीती
आयशर ट्रक के चालक टिंकू ठाकुर, जो पटना के रहने वाले हैं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि वे पटना से पुरुलिया जा रहे थे और नींद आने पर ट्रक खड़ा कर सो गए थे।

करीब 20 मिनट बाद पीछे से आए ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आग लग गई। किसी तरह वे घायल अवस्था में ट्रक से बाहर निकलने में सफल रहे।

डेढ़ घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम करीब डेढ़ घंटे देरी से पहुंची, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।

करोड़ों का नुकसान
इस हादसे में दो ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि तीसरे ट्रक को आंशिक रूप से बचाया जा सका। अनुमान है कि इस घटना में एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।

7