Sonipat Nikay Chunav : 'सोनीपत शहर विकसित शहरों में शुमार होगा', चुनाव घोषणा पत्र जारी कर बीजेपी ने किया दावा

Sonipat BJP Manifesto
X
साेनीपत मेयर चुनाव के लिए भाजपा ने जारी किया घोषणापत्र।
Sonipat BJP Manifesto: सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना स्थानीय घोषणापत्र जारी किया है। पार्टी का दावा है कि यह घोषणापत्र लोगों के कल्याण के साथ-साथ सोनीपत को राज्य के विकसित शहरों में शामिल करने का रोडमैप है।

Sonipat BJP Manifesto: सोनीपत नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना स्थानीय घोषणापत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र जारी करने के दौरान BJP उम्मीदवार राजीव जैन के कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। BJP ने इस मेनिफेस्टो को 'विकसित सोनीपत, सुरक्षित सोनीपत' का विजन बताया है। मेनिफेस्टो में भूमि मालिकाना हक, जल निकासी, सफाई, अवैध कॉलोनियों को वैध करने, सार्वजनिक परिवहन, सौर ऊर्जा और सुरक्षा को महत्व दिया गया है। बीजेपी ने दावा किया है कि इस मेनिफेस्टो से 2.5 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा।

भाजपा ने घोषणा पत्र में क्या- क्या शामिल किया है ?

1. 20 साल से ज्यादा समय से रह रहे परिवारों को भूमि और मकान का मालिकाना हक दिया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के नाम दर्ज मकानों पर 25% हाउस टैक्स छूट दी जाएगी। 44 वैध कॉलोनियों में बची हुई अवैध जमीन को कानूनी मान्यता देकर वैध किया जाएगा।

2. जलभराव और जल निकासी की समस्या का समाधान किया जाएगा। 2025 के मानसून से पहले सोनीपत बस स्टैंड, सुदामा नगर, आदर्श नगर, चावला कॉलोनी और खन्ना कॉलोनी में जलभराव समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। हर वार्ड में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और औद्योगिक कचरे के लिए विशेष प्लांट की व्यवस्था की जाएगी।

3. जिन जमीनों पर कब्जा किया हुआ है उसे कलेक्टर रेट से कम दामों पर पंजीकृत किया जाएगा। अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। BPL यानी गरीब परिवारों के पेंडिग पानी के बिल माफ कर दिए जाएंगे।

4.महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए सभी बाजारों में 'पिंक टॉयलेट' और सैनिटरी नैपकिन वेडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। दूसरी तरफ वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'वरिष्ठ सहायता' हेल्पलाइन और डोर-स्टेप नगर सेवाओं की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम क्षेत्रों में सामुदायिक केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

5. यातायात और पार्किंग व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। सभी वार्डों में 'स्मार्ट स्ट्रीट' लाइटें और पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। एनएच-352 से सोनीपत आने वाले प्रमुख चौराहों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे और ट्रैफिक सिस्टम को स्मार्ट बनाया जाएगा।

6. 'स्वच्छ सोनीपत अभियान' के तहत 50 नए कचरा संग्रहण वाहन लाए जाएंगे। हर वार्ड में कचरा निपटान संयंत्र, सूखे और गीले कचरे के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी। सभी अधूरी खुली नालियों, खासकर सिक्का कॉलोनी की नालियां, जल्द ढकी जाएंगी।

7. हर वार्ड में स्ट्रीट लाइटों की संख्या दोगुनी हो जाएंगी। नई सौर ऊर्जा संचालित स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। जिन परिवारों की इनकम 1 लाख रुपए तक है उन्हें मुफ्त में सौर पैनल दिए जाएंगे।

8. स्वच्छ पेयजल और सीवरेज सुविधा की व्यवस्था की जाएगी। सड़कों और गलियों में पेयजल पाइपलाइन सुधार और फिल्टर प्लांट लगाए जाएंगे। सीवरेज कनेक्शन पर लगने वाला शुल्क माफ किया जाएगा।

9. सभी वार्डों में CCTV कैमरे लगेंगे, विशेष रूप से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी इसकी व्यवस्था की जाएगी। हर वार्ड में ऑनलाइन सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। ताकि नगर निगम की सेवाओं को डिजिटल रूप से सुगम बनाया जा सके।

10. सोनीपत-रोहतक फ्लाईओवर, गीता भवन चौक, ओल्ड डीसी रोड, सेक्टर 14-16, बाबा धाम रोड पर टूटी सड़कों की मरम्मत की जाएगी। सरकार की मदद से इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिससे ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर्यावरण के अनुकूल बनेगा। औद्योगिक इलाकों में श्रमिकों के लिए विशेष बस सेवा की व्यवस्था की जाएगी। 'हर गली, उन्नत गली' योजना के तहत शहर की सड़कों की मरम्मत की जाएगी।

Also Read: हरियाणा CM की सिक्योरिटी को लेकर सवाल, रोड शो में AAP नेता ने सैनी को दिखाया काला झंडा, शख्स ने फेंका मोबाइल

यह घोषणापत्र सोनीपत को प्रदेश के विकसित शहरों में शामिल करेगा

बीजेपी नेताओं ने दावा किया है कि यह घोषणापत्र सोनीपत को हरियाणा के सबसे विकसित शहरों में शामिल करने का रोडमैप है। पार्टी का कहना है कि यह योजनाएं लागू होने जाने से सोनीपत के लोगों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। अवैध कॉलोनियों में रह रहे लोगों को भी इसका फायदा होगा। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी विशेष सुविधाएं मिलेंगी।

Also Read: पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद भूपेंद्र हुड्डा पर हो रहा था हमला, कांग्रेस नेता ने अब किया पलटवार

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story