ससुरालियों के दबाव में युवक ने की आत्महत्या: पत्नी की अस्थियां चुनने के बाद घर पहुंचकर पति ने निगला जहर 

Symbolic picture.
X
प्रतीकात्मक तस्वीर।
हरियाणा के जींद में पत्नी की चिता की राख ठंडी भी नहीं हुई थी कि पति ने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुरालजनों पर केस दर्ज किया।

Jind: ओम नगर निवासी विनित की पत्नी रेणू की राख ठंडी भी नहीं हुई थी कि चार दिन बाद विनित ने भी जहर खाकर जान दे दी। मृतक विनित तथा उसके परिजनों के खिलाफ ससुरालजनों ने दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया हुआ था। आरोप है कि मृतक विनित के ससुरालजन समझौते के लिए 25 से 30 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। राशि न देने पर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी दे रहे थे। शहर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मृतक के ससुर व सालों समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया।

शमशान घाट से लौटते ही घर में निगली सल्फास की गोली

ओम नगर निवासी विनित गत दिवस अपनी पत्नी रेणू की शमशान घाट से अस्थियां चुनने के बाद अपने घर पहुंचा और बाथरूम में सल्फास की गोली निगल ली। गंभीर हालात में युवक को हिसार के निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां शनिवार को विनित की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। मृतक के पिता जयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे विनित की फरवरी 2022 में सफीदों निवासी रेणू के साथ शादी हुई थी। 26 मार्च को विनित की पत्नी रेणू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका रेणू के पिता नरेश की शिकायत पर पति विनित, ससुर जयपाल, सास शीला के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मृतका रेणू के पिता, साले समझौते के लिए 25 से 30 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे। राशि न देने पर जेल भिजवाने की धमकी दे रहे थे। इसके कारण उसके बेटे विनित ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

मां के बाद पिता का भी उठा साया, दादा-दादी बेबस

ओम नगर निवासी रेणू की संदिग्ध मौत के चार दिन बाद पिता विनित की मौत से उनके दस माह के बेटे से मां तथा पिता दोनों का साया उठ गया। बहू तथा बेटे को गंवाने वाले जयपाल तथा शीला बेबस नजर आए। मृतक विनित अपने परिवार का इकलौता चिराग था। पिता जयपाल मजदूरी करते हैं। जबकि मां शीला साधारण ग्रहणी है। बेटे के नौकरी लगने तथा शादी होने के बाद सुखद जीवन की आस जगी थी। चार दिन पहले बहु ने जान दे दी तो अब बेटा भी दुनिया में नहीं रहा। पूरा परिवार चार दिन में बर्बाद हो गया। दोनों तरफ से एक दूसरे के खिलाफ मुकदमें दर्ज करवाए गए हैं। जिनको लेकर मुकदमें दर्ज हुए, उनमें से दुनिया में कोई नहीं है। शहर थाना के जांच अधिकारी जगदीश ने बताया कि मृतक के पिता ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। मृतक पर दहेज हत्या का मामला दर्ज था। अब मृतक के ससुर समेत चार लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story