Logo
हरियाणा के यमुनानगर में प्रेम विवाह करने वाली महिला ने पति से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

Yamunanagar: जगाधरी की पटरी मौहल्ला निवासी 35 वर्षीय रीमा ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। मृतका ने करीब 13 साल पहले पटरी मौहल्ला निवासी अनुज के साथ प्रेम विवाह किया था। मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

2011 में मृतका ने किया था प्रेम विवाह

उत्तर प्रदेश के देवबंद निवासी कर्ण माहेश्वरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन रीमा ने 2011 में अपनी मर्जी से पटरी मौहल्ला जगाधरी निवासी अनुज के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिन बाद ही वह अपनी बहन के घर आने जाने लगे। उन्होंने अपनी बहन व जीजा की आर्थिक मदद भी की। शादी के बाद उनके पास एक लड़का है। शादी के कुछ साल बाद उसका जीजा उसकी बहन रीमा को परेशान करने लगा और दूसरी औरतों के साथ अवैध संबंध रखने लगा। उसकी बहन ने उन्हें फोन करके इस बारे बताया। उन्होंने कई बार अपने जीजा को समझाया। कुछ दिन ठीक रहने के बाद फिर से उसकी बहन को परेशान करने लगता।

19 फरवरी को रीमा ने जहरीला पदार्थ निगला 

कर्ण ने बताया कि 19 फरवरी को उसके पास फोन आया कि रीमा ने अनुज से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया है और वह अस्पताल में उपचाराधीन है। सूचना मिलते ही वह परिवार के सदस्यों के साथ अस्पताल में पहुंचा। बातचीत करने पर उसकी बहन ने उन्हें बताया कि उसने अपने पति से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया है। इसके कुछ देर बाद उसकी बहन की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कर्ण की शिकायत पर आरोपी अनुज के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

5379487