मौसम अलर्ट: दक्षिणी हरियाणा के कुछ हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान 

Symbolic picture.
X
प्रतीकात्मक तस्वीर। 
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले चार-पांच दिनों में हरियाणा में शुष्क मौसम, तापमान में वृद्धि और लू की स्थिति रहने की चेतावनी जारी की है।

Haryana: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले चार-पांच दिनों में राज्य में शुष्क मौसम, तापमान में वृद्धि और लू की स्थिति रहने की चेतावनी जारी की है। दक्षिणी हरियाणा में इसका और भी अधिक प्रभाव हो सकता है। ऐसे में सभी नागरिक मौसम को देखते हुए कुछ जरूरी ऐतिहात बरतें। अगले चार-पांच दिनों के दौरान मुख्य रूप से शुष्क मौसम और आसमान साफ रहने की संभावना है। इस अवधि के दौरान अपना जरूरी कार्य सुबह और शाम को करें। दोपहर को बहुत जरूरी कार्य के लिए ही घर से बाहर जाएं।

बुजुर्गों व बच्चों का विशेष तौर पर रखे ध्यान

गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाने लगी है। ऐसे में बुजुर्गों, पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों और शिशुओं का विशेष ध्यान रखें व उन्हें गर्मी से बचाएं। हल्के रंग के सूती व हल्के कपड़े पहनें। बाहर निकलते समय अपना सिर ढकें। इसके लिए कपड़े, टोपी या छाता का उपयोग करें। निर्जलीकरण से बचें। बार-बार पानी पिएं। प्यास न होने पर भी पर्याप्त पानी पिए। खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए ओआरएस, घर का बना पेय, तोरणी चावल का पानी, नींबू पानी, छाछ आदि का उपयोग करें। 16 मई से 18 मई के बीच दक्षिणी हरियाणा के कुछ हिस्सों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसी तरह हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में भी तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

हरियाणा एनसीआर दिल्ली विशेषकर जिला महेंद्रगढ़ में लगातार गर्मी व लू के तेवर प्रचंड होते जा रहे हैं। जिससे दिन व रात के तापमान भी धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा एनसीआर दिल्ली में दिन व रात का पारा उफान पर है, साथ ही सम्पूर्ण इलाके में सुबह से शाम तक सूर्य के तेवर तल्ख किए हुए। लगातार पश्चिमी गर्म हवाएं चलने से गर्मी अपने प्रचण्ड तेवरों से आगाज किए हुए हैं। इसके अलावा बीच बीच में 5-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल रही है, जो गर्मी के तेवरों को और अधिक प्रभावी बनाएं हुए, जिससे सम्पूर्ण इलाके से नमी को सोख रही है। भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर आने वाले एक सप्ताह तक ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।

गर्मी के कारण लोगों को लू से होना पड़ रहा रूबरू

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आमजन को गर्मी व लू से रूबरू होना पड़ रहा है। दोपहर के समय आमजन घरों में रहने के लिए मजबूर हैं। बुधवार को हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन का तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस से 43.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में रात्रि तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस से 27.0 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया। वहीं नारनौल व महेंद्रगढ़ में दिन का तापमान क्रमश: 42.5 डिग्री सेल्सियस व 42.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गए हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story