हरियाणा के करनाल जिले के गांव समौरा के एक युवक की अमेरिका के जॉर्जिया में बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चेतक शर्मा उर्फ लाखा के रूप में हुई है। जैसे ही शनिवार को युवक की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। चेतक अपने परिवार का इकलौता सहारा था और करीब दो साल पहले सुनहरे भविष्य के सपने लेकर विदेश गया था।
डंकी के रास्ते तय किया था 7 महीने का कठिन सफर
जानकारी के अनुसार, चेतक शर्मा साल 2024 में 'डंकी'के जरिए अमेरिका पहुंचा था। इस मुकाम तक पहुँचने के लिए उसने करीब 7 महीने का बेहद कठिन और जोखिम भरा सफर तय किया था। अमेरिका पहुंचने के बाद वह जॉर्जिया में एक गुजराती मूल के व्यक्ति के स्टोर पर बतौर स्टोरकीपर काम कर रहा था।
कमरे में घुसकर मारी गोली
ब्राह्मण सभा इन्द्री के प्रधान और पूर्व सरपंच सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली है कि चेतक की उसके कमरे में ही गोली मारकर हत्या की गई है। अमेरिकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने चेतक के रूममेट को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
20 दिन पहले ही भारत लौटा था साथी
एक हैरान करने वाली बात यह भी सामने आई है कि चेतक के साथ गांव समौरा का ही एक अन्य युवक भी वहां रहता था। वह युवक करीब 20 दिन पहले ही अमेरिका से भारत लौटा था। उसके आने के कुछ ही दिनों बाद यह दर्दनाक वारदात हो गई।
मददगार स्वभाव के लिए जाना जाता था चेतक
गांव वालों ने बताया कि चेतक बहुत ही मिलनसार और मददगार स्वभाव का था। उसने दरड़ गांव के स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की थी। विदेश में भी वह वहां फंसे भारतीयों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहता था। घर के चिराग की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










