मौसम अलर्ट: लू के थपेड़ों से थम सा गया जनजीवन, कल से मौसम में बदलाव की संभावना

The national highway was deserted due to extreme heat.
X
भीषण गर्मी के चलते सुनसान पड़ा नेशनल हाइवे।
प्रदेश में भीषण लू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। लू के थपेड़ों के चलते लोगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। पिछले एक महीने से तापमाप 43 डिग्री से नीचे नहीं आया।

हरियाणा: प्रदेश में भीषण लू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। लू के थपेड़ों के चलते लोगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। पिछले एक महीने से तापमाप 43 डिग्री से नीचे नहीं आया। इन दिनों भी दिन का अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री चल रहा है, वहीं रात का तापमान सारे रिकार्ड तोड़कर 31 डिग्री तक पहुंच गया है। देर रात तक गर्म हवाएं चलने से लोगों की नींद भी मुहाल हो गई है। उधर, मौसम विभाग ने कल से एक बार फिर मौसम के बदलाव की संभावना जताई है। 15 से 19 जून के बीच धूलभरी आंधी व बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम गर्म बना रहेगा। 20 जून से फिर बदलाव संभावित है। मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी आदि जिलों में हीटवेव का यैलो जारी किया है।

20 जून से प्री-मानसून आने के आसार

हिसार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि हरियाणा से मानसून अभी दूर है। हालांकि, इस बार उसकी स्पीड काफी अच्छी है। प्रदेश में मानसून 28 जून से जुलाई के पहले सप्ताह में कभी भी दस्तक दे सकता है। उससे पहले प्री-मानसून की बारिश होगी। उन्होंने संभावना जताई कि 20 जून के करीब मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिल सकता है। प्री मानसून की बरसात से लोगों को कुछ राहत मिलेगी।

15 जून से शुरू हो रही धान की रोपाई

प्रदेश में हर वर्ष 15 जून से धान की रोपाई शुरू होती है। उससे पूर्व किसान धान की पौध लगाते हैं। उसके लिए भी काफी पानी की आवश्यकता होती है। धान की सीधी बिजाई डीएसआर भी इस बार नहीं हो रही। वजह है कि सीधी बिजाई में पानी की आवश्यकता होती है जबकि इन दिनों पानी की काफी किल्लत होती है। इसलिए इस बार सरकार ने मेरा पानी-मेरी विरासत योजना लागू ही नहीं की। 15 जून से प्रदेश में धान रोपाई शुरू होगी, इससे करीब डेढ़ करोड़ यूनिट बिजली की और खपत बढ़ जाएगी। अबकी बार 12 लाख हेक्टेयर में धान रोपाई का लक्ष्य है। किसान मोटे धान की रोपाई जून में ही करते हैं। किसानों को फिलहाल 2 ग्रुपों में बिजली दिए जाने की योजना है। जरूरत के अनुसार इसे 3 ग्रुपों में भी चलाया जा सकता है।

सिरसा रहा सबसे गर्म जिला

प्रदेश में शुक्रवार को सिरसा का पारा 46.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे गर्म रहा। इसके अलावा हिसार 45.6, जींद 46.2, फतेहाबाद 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में औसतन 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह सामान्य से 5.0 डिग्री तक ज्यादा हो गया है। आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलने के आसार बन रहे हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story