फतेहाबाद के रहने वाले पांच दोस्तों के साथ भिवानी में शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, तड़के उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जा टकराई।

हरियाणा के हांसी के पास शुक्रवार तड़के पांच दोस्तों की एसयूवी (SUV) अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वह सभी भिवानी में शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। 

सैनीपुरा के पास तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त 
फतेहाबाद जिले के मोची गांव निवासी महावीर (42) और चौबारा गांव के मनोज (38) अपने तीन अन्य साथियों विक्रम, कृष्ण और विनोद के साथ भिवानी के बड़सी गांव में विवाह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार तड़के जब ये पांचों दोस्त अपनी गाड़ी से घर लौट रहे थे, तभी हांसी के सैनीपुरा गांव के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

इंजन उखड़ा, खिड़की तोड़कर निकाले गए घायल 
प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रैक्टर चालक के मुताबिक कार की रफ्तार बहुत अधिक थी। पीछे से हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी का बोनट और इंजन के पुर्जे टूटकर कई फीट दूर जा गिरे। ड्राइविंग सीट पर फंसे युवक को स्थानीय लोगों ने गाड़ी की खिड़की काटकर बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। ट्रैक्टर चालक बालकरण ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से ट्रॉली लेकर सिरसा की ओर जा रहा था, तभी अचानक पीछे से एक जोरदार झटका लगा और उसका ट्रैक्टर कई फीट तक घिसटता चला गया।

दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया
चौबारा गांव के सरपंच जोगिंदर कुमार ने अस्पताल पहुंचकर बताया कि मनोज अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं महावीर अपने पीछे पत्नी और दो बेटों का परिवार छोड़ गया है। जैसे ही यह खबर उनके पैतृक गांवों में पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है, जिसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। 

तीन युवकों की स्थिति चिंताजनक, हिसार रेफर 
हादसे में घायल अन्य तीन युवक विक्रम, कृष्ण और विनोद को तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी नाजुक हालत को देखकर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हिसार के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल तीनों जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। 

क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया 
हादसे की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सुखजीत सिंह और शिशु पुल चौकी की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला तेज रफ्तार और धुंध या नींद की झपकी का हो सकता है, लेकिन पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।