तलवंडी साबो-मोड़ रोड पर नत पैलेस के पास टी-पॉइंट पर तेज रफ्तार कार यू-टर्न लेते समय अनियंत्रित हो गई। मृतक सिरसा के गांव रोड़ी और पंजाब के बरनाला के रहने वाले थे।

पंजाब के बठिंडा जिले में शनिवार देर रात हुए एक भयानक सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। तलवंडी साबो-मोड़ मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई और पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। 

यू-टर्न लेते समय बेकाबू हुई गाड़ी 
यह हृदयविदारक घटना मोड़ मंडी के पास स्थित नत पैलेस के समीप एक टी-प्वाइंट पर घटित हुई। जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे। जब चालक ने मोड़ मंडी-तलवंडी साबो रोड पर यू-टर्न लेने की कोशिश की, तो गाड़ी की रफ्तार अधिक होने से वह संतुलन खो बैठा। कार सीधे एक पेड़ से जा भिड़ी और जोरदार धमाके के साथ पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर फंसे तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। 

मृतकों और घायलों की पहचान
मोड़ मंडी थाना प्रभारी (SHO) तरनदीप सिंह ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है। जान गंवाने वालों में हरियाणा के सिरसा जिले के गांव रोड़ी निवासी हरप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह शामिल हैं। इनके अलावा, तीसरा मृतक गुलप्रीत सिंह पंजाब के बरनाला जिले के गांव धनौला का रहने वाला था। हादसे में घायल हुए शेष दो युवकों को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टर उनका उपचार कर रहे हैं। 

नशा मुक्ति केंद्र के संचालन से जुड़े थे युवक
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृत और घायल युवक हरियाणा के सिरसा जिले के रोड़ी में एक नशा मुक्ति केंद्र का संचालन करते थे। वे शनिवार को बरनाला के धनौला गांव गए थे, ताकि नशे की लत से जूझ रहे एक मरीज को उपचार के लिए अपने केंद्र में भर्ती कर सकें। वापसी के दौरान यह अनहोनी हो गई। हादसे का शिकार हुए सभी युवकों की आयु 25 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। 

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या दुर्घटना का कारण केवल तेज रफ्तार थी या कोई तकनीकी खराबी। फिलहाल, इस घटना के बाद सिरसा और बरनाला के संबंधित गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।